युवक को कुचलकर वाहन चालक फरार…!
यातायात और हिर्री पुलिस ने संभाला मोर्चा जांच में जुटी…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर-पेंड्रीडीह बाईपास से अमसेना की ओर जाने वाले मार्ग पर ग्राम बोड़सरा के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन चालक ने रुकने के बजाय व्यक्ति को कई सौ मीटर तक घसीट दिया और उसे कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ व्यक्ति पैदल जा रहा था और आसपास स्थित किसी कोल्ड डिपो में काम करता था। बताया जा रहा है कि पेंड्रीडीह बाईपास से अमसेना की ओर जाने वाले मार्ग पर करीब एक किलोमीटर आगे ग्राम बोड़सरा के समीप यह दुर्घटना हुई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। यातायात पुलिस की मदद से घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्था बनाई गई और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
फिलहाल मृतक की पहचान, हादसे के समय और दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन के संबंध में आधिकारिक पुष्टि होना शेष है। पुलिस वाहन की पहचान करने और फरार चालक तक पहुंचने के लिए जांच कर रही है।

रफ्तार के साथ इंसानियत भी हुई शर्मसार
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों के कारण सड़कों पर बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है। दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को सड़क पर छोड़कर भाग जाना मानवीय संवेदनाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। अब पुलिस जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

