पंचायत चुनाव की हार का बदला लेने रची हत्या की साजिश सुपारी किलिंग में दो और गिरफ्तार…!
अब तक सात हुए जेल दाखिल…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] मुंगेली जिले के सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्री ‘स’ में हुए तुलसी साहू हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पंचायत चुनाव में सरपंच पद की हार की रंजिश से उपजी इस सुनियोजित हत्या की साजिश में शामिल दो फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र के अमेरी स्थित साई नगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2025 में हुए ग्राम पंचायत पेण्ड्री ‘स’ के सरपंच चुनाव में हार की रंजिश के चलते पूर्व में गिरफ्तार मुख्य आरोपी धनीराम साहू ने तुलसी साहू की हत्या का षड्यंत्र रचा था। आरोपियों ने कथित तौर पर पैसों के लालच में इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। इसके तहत पहले तुलसी साहू का अपहरण किया गया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को सड़क किनारे कीचड़ और झाड़ियों में फेंक दिया गया था।
मामले में पुलिस ने पूर्व में मुख्य आरोपी धनीराम साहू सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। वहीं, शेष फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा डीएसपी हरविंदर सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल और सरगांव पुलिस की संयुक्त टीम फरार आरोपियों की पतासाजी में जुटी थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 5 नवंबर को कुनाल बक्शी (19 वर्ष) और तारकेश्वर बघेल (22 वर्ष), दोनों निवासी वार्ड क्रमांक-03, साई नगर अमेरी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने पैसों के लालच में वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर 6 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया।
ये सात आरोपी पहुंचे जेल:-
इस हत्याकांड में अब तक गिरफ्तार आरोपियों में धनीराम साहू (40), भुवन साहू (28), ओम उर्फ ओमनारायण राजपूत (25), सुरेंद्र जोशी (25), टीकाराम साहू (53), कुनाल बक्शी (19) और तारकेश्वर बघेल (22) शामिल हैं। इनमें कुनाल और तारकेश्वर बिलासपुर के अमेरी क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि अन्य आरोपी मुंगेली और बिलासपुर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से हैं।

संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका-:
इस कार्रवाई में सरगांव थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नवनीत नावेलकर, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम के प्रधान आरक्षक नोखेलाल कुर्रे, यशवंत डाहिरे, अशोक कौशिक तथा आरक्षक राहुल यादव, राहुलकांत कश्यप, राकेश बंजारे, रिपीन बनर्जी, विश्वनाथ सिंह, अजय रावत, पंकज निर्णेजक और अनिल मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस की अपील पुलिस ने आम नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने, घरों एवं प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना देने की अपील की है।

