191 वाहन 2063 सफाईकर्मी रोजाना 270 टन कचरे का संग्रहण और जनभागीदारी बनी सफलता की मजबूत बुनियाद…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] न्यायधानी बिलासपुर ने स्वच्छता के राष्ट्रीय मानचित्र पर एक बार फिर अपनी चमक बिखेरते हुए इतिहास रच दिया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बिलासपुर ने देशभर के रिवर फ्रंट टाउन शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल कर पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। खास बात यह है कि बिलासपुर ने लगातार दूसरे वर्ष देश के शीर्ष तीन स्वच्छ शहरों में अपनी जगह कायम रखी है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने बिलासपुर को प्रेसिडेंशियल अवार्ड प्रदान किया। राष्ट्रपति के हाथों उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने यह सम्मान ग्रहण किया।
इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति, बेहतर रणनीति, संसाधनों में विस्तार और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से किसी भी शहर की तस्वीर बदली जा सकती है। देशभर के कुल 4751 शहरों को सर्वेक्षण में शामिल किया गया था। रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में रीवा ने पहला, बिलासपुर ने दूसरा और वाराणसी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 के स्वच्छता सर्वेक्षण में बिलासपुर देश में 28वें स्थान पर था। इसके बाद नगर निगम ने अपनी व्यवस्थाओं में व्यापक बदलाव करते हुए वर्ष 2024 में दूसरा स्थान हासिल किया और अब 2025-26 में भी शीर्ष तीन में अपनी जगह बरकरार रखी है। यह उपलब्धि केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में आए बदलाव और निरंतर प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है।
28वीं रैंक से दूसरे स्थान तक, बदली शहर की तस्वीर-:
बिलासपुर की इस उपलब्धि के पीछे नगर निगम की योजनाबद्ध कार्यप्रणाली, संसाधनों का विस्तार और जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों की अहम भूमिका रही है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की सर्वेक्षण टीम ने मई माह में शहर का दौरा कर विभिन्न मापदंडों पर मूल्यांकन किया था। इसमें डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, शौचालयों की स्थिति, नागरिकों का फीडबैक और स्वच्छता सुविधाओं का निरीक्षण शामिल था।
सर्वेक्षण की तैयारी को गंभीरता से लेते हुए निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने विशेष टीम गठित की थी। इस टीम ने सालभर स्वच्छता अभियान चलाने के साथ उन कमियों को दूर करने पर काम किया, जिनके कारण शहर पिछड़ रहा था। गार्बेज फ्री सिटी में 5 स्टार और ओडीएफ का दर्जा पहले से हासिल कर चुके बिलासपुर ने अब स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी स्थिति और मजबूत की है।
191 वाहनों से 70 वार्डों में रोजाना 270 टन कचरे का संग्रहण-:
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सबसे पहले डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर ध्यान दिया गया। पुराने 45 वार्डों में रामकी कंपनी के माध्यम से कचरा संग्रहण किया जाता है, जबकि नए जुड़े 25 वार्डों में मिशन क्लीन सिटी और एसआरएलएम सेंटर के जरिए स्वच्छता दीदियां घरों से कचरा एकत्र कर उसका पृथक्करण एवं निष्पादन करती हैं।
नए क्षेत्रों में कचरा संग्रहण की समस्या दूर करने के लिए वर्ष 2024 में 15वें वित्त आयोग की राशि से 36 नई छोटी टिपर गाड़ियां खरीदी गईं। इसके बाद रामकी कंपनी ने 26 इलेक्ट्रिक वाहनों को भी व्यवस्था में शामिल किया। परिणामस्वरूप कचरा संग्रहण वाहनों की संख्या 2023-24 के 124 से बढ़कर अब 191 हो गई है।

वर्तमान में नगर निगम के 70 वार्डों के 1,79,180 घरों से करीब 700 कर्मचारियों, जिनमें 449 स्वच्छता दीदियां शामिल हैं, के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 270 टन कचरा एकत्र किया जाता है। इसके बाद कचरे को कछार स्थित आरडीएफ प्लांट और एसआरएलएम सेंटर तक पहुंचाकर उसका निष्पादन किया जाता है।
सफाई का दायरा 27 से बढ़कर 49.34 किलोमीटर प्रतिदिन-:
पुराने शहर की तरह नए जुड़े क्षेत्रों में भी सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए मैकेनाइज्ड और मैन्युअल स्वीपिंग का विस्तार किया गया। पहले प्रतिदिन लगभग 27 किलोमीटर मुख्य मार्गों और सड़कों की सफाई होती थी, जिसमें 1330 सफाईकर्मी और 475 बीट शामिल थीं।
नए क्षेत्रों में भी व्यवस्था लागू होने के बाद अब प्रतिदिन 49.34 किलोमीटर सड़कों की मैकेनाइज्ड एवं मैन्युअल सफाई की जा रही है। सफाईकर्मियों की संख्या बढ़कर 2063 और बीट की संख्या 750 हो गई है। इससे मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों और मोहल्लों की सफाई व्यवस्था को व्यापक मजबूती मिली है।
तिफरा में सीएंडडी प्लांट, मलबे से बनने लगे उपयोगी उत्पाद-:
निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे के व्यवस्थित निपटान के लिए तिफरा में सीएंडडी प्लांट स्थापित किया गया। यहां निर्माण सामग्री के अपशिष्ट को प्रोसेस कर गमले, पेवर ब्लॉक और ईंटें तैयार की जा रही हैं। इससे जहां शहर में मलबे के बेतरतीब ढेरों पर नियंत्रण की दिशा में काम हुआ है, वहीं अनुपयोगी सामग्री को उपयोगी उत्पादों में बदलने की पहल को भी बढ़ावा मिला है।
महिलाओं की सुविधा के लिए 4 पिंक टॉयलेट, 3 आकांक्षी शौचालय-:
महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर में चार पिंक टॉयलेट बनाए गए हैं। इनमें महिलाओं की आवश्यकताओं और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। इसके अलावा शहर के व्यस्त इलाकों में तीन आकांक्षी शौचालयों का निर्माण भी कराया गया है।
नगर निगम ने शहर के सभी 79 सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों का जीर्णोद्धार कराया। इनमें फीडबैक मशीनें लगाई गईं, ताकि नागरिक अपनी शिकायत, सुझाव और संतुष्टि दर्ज करा सकें। महिलाओं की सुविधा के लिए सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और उनके सुरक्षित निस्तारण के लिए इंसीनेटर मशीनें भी स्थापित की गईं।
‘बिल्लू बिलासपुरिया’ से लेकर स्वच्छता पेट्रोल तक, जागरूकता का अनूठा अभियान
स्वच्छता की इस उपलब्धि में नागरिकों की भागीदारी को अहम आधार बनाया गया। नगर निगम ने स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से सालभर जागरूकता अभियान चलाए। जीरो वेस्ट कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया गया और सामाजिक एवं गैर-शासकीय संगठनों को अभियान से जोड़ा गया।
इसी कड़ी में निगम ने अपना स्वच्छता शुभंकर ‘बिल्लू बिलासपुरिया’ लॉन्च किया, जिसने शहरभर में भ्रमण कर नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया।

इसके अलावा स्वच्छता पेट्रोल टीम गठित की गई। मोबाइल वैन के जरिए शहर में भ्रमण करने वाली यह टीम सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों को समझाइश देती और नियमों के उल्लंघन पर अर्थदंड की कार्रवाई कर स्वच्छता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करती रही।
15 वेस्ट टू वंडर स्थल, कचरे से तैयार हुई आकर्षक कलाकृतियां
शहर में 15 वेस्ट टू वंडर स्थल विकसित किए गए, जहां अनुपयोगी वस्तुओं और अपशिष्ट सामग्री को रिसाइकिल कर आकर्षक सजावटी उत्पाद तैयार किए गए। यह पहल कचरे को संसाधन में बदलने के साथ शहर के सौंदर्यीकरण का भी माध्यम बनी।
यूजर चार्ज में बढ़ोतरी, नागरिकों का बढ़ा सहयोग-:
स्वच्छता सेवाओं के बदले लिए जाने वाले यूजर चार्ज में भी लगातार वृद्धि दर्ज की गई। निगम के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023-24 में 9.13 करोड़ रुपये, वर्ष 2024-25 में 14.50 करोड़ रुपये और वर्ष 2025-26 में लगभग 15.10 करोड़ रुपये यूजर चार्ज प्राप्त हुआ। इससे स्वच्छता सेवाओं के लिए नागरिकों की भागीदारी और भुगतान व्यवस्था में सुधार का संकेत मिलता है।
चार एसटीपी से जल संरक्षण को मिला नया आधार
नालों से निकलने वाले गंदे पानी का शोधन कर दोबारा उपयोगी बनाने के लिए एसटीपी व्यवस्था का विस्तार किया गया। पहले चिल्हाटी और दोमुहानी में दो एसटीपी संचालित थे, जिनकी संख्या बढ़ाकर चार कर दी गई है। कोनी और ज्वाली नाला एसटीपी भी शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही शहर के तालाबों और अरपा नदी के पुनरुत्थान के लिए विशेष अभियान चलाए गए।
सीवर लाइन की सफाई के लिए दो सीवर सक्शन मशीन और एक विशेष सीवर वाहन खरीदा गया। वहीं सैनिटरी पैड एवं डायपर जैसे अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण के लिए पांच अतिरिक्त इंसीनेटर मशीनें स्थापित की गईं। शहर के गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट (जीवीपी) को चिन्हित कर वहां भी सफाई एवं सुधार कार्य किए गए।
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई, बोले- सामूहिक प्रयास का मिला परिणाम-:
तोखन साहू, केंद्रीय शहरी राज्य मंत्री: उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में बिलासपुर का दूसरा स्थान हासिल करना इस बात का प्रमाण है कि शासन-प्रशासन के साथ आम नागरिक भी अस्वच्छता को जड़ से मिटाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने शहरवासियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि बिलासपुर आने वाले समय में स्वच्छता और शहरी विकास का नया रोल मॉडल बनेगा।
अमर अग्रवाल, विधायक बिलासपुर उन्होंने शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में सहभागिता करते हुए बिलासपुर ने यह मुकाम हासिल किया है। यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे शहर के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। अब इस स्थान को बरकरार रखना सभी की जिम्मेदारी है।
धरमलाल कौशिक उन्होंने कहा कि स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त करना बिलासपुरवासियों के लिए गर्व और गौरव का विषय है। यह सम्मान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और व्यवस्थित शहरी विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
धर्मजीत सिंह उन्होंने इस उपलब्धि को जनभागीदारी, बेहतर नगर प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताते हुए शहर की जनता, जनप्रतिनिधियों अधिकारियों-कर्मचारियों और विशेष रूप से स्वच्छता मित्रों को बधाई दी।
सुशांत शुक्ला, विधायक बेलतरा: उन्होंने कहा कि हमर बिलासपुर का देश में दूसरा स्थान प्राप्त करना सभी के लिए गर्व और खुशी की बात है। आने वाले समय में बिलासपुर को पहले स्थान पर पहुंचाने के लिए सभी मिलकर प्रयास करेंगे।
पूजा विधानी, महापौर: उन्होंने शहरवासियों और निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आम जनता के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से ही संभव हुई है। यह सम्मान भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।
संजय अग्रवाल, कलेक्टर: उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त करना पूरे बिलासपुर के लिए गौरव का क्षण है। इस उपलब्धि को बनाए रखने और आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
प्रकाश कुमार सर्वे, निगम आयुक्त: उन्होंने निगम की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान बेहतर टीमवर्क और जनता के सहयोग का परिणाम है। भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नगर निगम के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
निगम में जश्न, सफाई मित्रों ने पटाखे फोड़कर मनाई खुशी
बिलासपुर को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान मिलने की खबर से नगर निगम कार्यालय विकास भवन में उत्साह का माहौल रहा। अधिकारी-कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी। वहीं इस सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी रहे सफाई मित्रों ने पटाखे फोड़कर और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया।
दरअसल, शहर की स्वच्छता का असली चेहरा वही सफाई मित्र हैं, जो हर सुबह शहर के जागने से पहले सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने में जुट जाते हैं। उनके परिश्रम, नागरिकों के सहयोग और नगर निगम की योजनाबद्ध व्यवस्था ने मिलकर बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर यह पहचान दिलाई है।
अब चुनौती इस सम्मान को बनाए रखने की है। दूसरा स्थान बिलासपुर की उपलब्धि है, लेकिन शहरवासियों की अगली उम्मीद पहले स्थान की है। स्वच्छता की यह मुहिम पुरस्कार तक सीमित न रहे, बल्कि हर गली, हर मोहल्ले और अरपा के हर किनारे तक स्वच्छता की स्थायी पहचान बने, यही इस ऐतिहासिक उपलब्धि की असली सफलता होगी।

