बेटी की आंखों के सामने पिता पर जानलेवा हमला..! चीख-पुकार सुन दौड़े ग्रामीणों ने बचाई जान बचाव में परिजन भी झुलसे…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के पर्व भाईदूज के दिन एक बेटे ने पिता-पुत्र के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पहले वृद्ध पिता पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया, फिर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। पिता को आग की लपटों में घिरा देख बेटी की चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई। इस दौरान बचाव में जुटे कुछ लोग भी झुलस गए। गंभीर रूप से घायल और बुरी तरह झुलसे वृद्ध को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दिल दहला देने वाली यह घटना बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के सीपत थाना अंतर्गत ग्राम सेलर के धवईहापारा की है। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
पिता को रॉड से पीटने के बाद पेट्रोल डालकर लगाई आग-:
पीड़ित श्याम केंवट की बेटी के मुताबिक, बुधवार को वह अपने पिता और अन्य परिजनों के साथ घर के पास बाड़ी में काम कर रही थी। दोपहर में पिता चाय पीने की बात कहकर घर चले गए। पिछले तीन-चार दिनों से अपने भाई आशाराम की हरकतों से परेशान बेटी भी कुछ देर बाद उनके पीछे घर पहुंची। वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उसका भाई आशाराम अपने ही पिता श्याम केंवट पर लोहे की रॉड से बेरहमी से वार कर रहा था। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, आरोपी ने डिब्बे में रखा पेट्रोल पिता के ऊपर उड़ेल दिया और आग लगा दी।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, बचाव में झुलसे लोग-:

पिता को आग की लपटों में घिरा देख बेटी ने जोर-जोर से चीखना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर किसी तरह आग बुझाई। इस दौरान पिता को बचाने की कोशिश में कुछ परिजन और ग्रामीण भी झुलस गए। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और 108 एंबुलेंस को दी गई। इसके बाद घायल श्याम केंवट को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक उनका इलाज कर रहे हैं।
भाईदूज जैसे पवित्र पर्व पर सामने आई इस हृदयविदारक घटना ने पारिवारिक रिश्तों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस पिता ने बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी पर इस तरह का जानलेवा हमला पूरे गांव के लिए स्तब्ध कर देने वाला है।

