पटाखों से झुलसने के 49 मामले 20 मरीज सांस लेने में तकलीफ के चलते भर्ती 69 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर दिया गया उपचार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] दीपावली के उल्लास के बीच हादसों और स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों ने अस्पतालों की व्यवस्था की भी परीक्षा ली। त्योहार के दौरान छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में तीन दिनों तक इमरजेंसी सेवाएं अलर्ट मोड पर रहीं। 7 से 9 नवंबर के बीच अस्पताल में कुल 1156 मरीजों ने उपचार कराया। इनमें सड़क दुर्घटना और मारपीट के मामले सबसे अधिक रहे, वहीं पटाखों से झुलसने और धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी के मरीजों को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचना पड़ा।
दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सिम्स प्रबंधन ने पहले से ही व्यापक चिकित्सकीय तैयारियां की थीं। सभी विभागों को अलर्ट रखते हुए चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य चिकित्सा कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी निर्धारित की गई थी। एम्बुलेंस से लेकर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और आईसीयू तक आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई थी, ताकि गंभीर मरीजों को बिना देरी के उपचार मिल सके।

अधिष्ठाता ने किया वार्डों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति के नेतृत्व में दीपावली के दौरान अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की उपस्थिति, दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं।
चिकित्सा अधीक्षक ने संभाली कमान, इमरजेंसी सेवाओं पर रखी नजर
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता, एम्बुलेंस, इमरजेंसी विभाग, ओटी और आईसीयू की तैयारियों का जायजा लिया। जीवनरक्षक दवाइयों, आईवी फ्लूड, आवश्यक उपकरणों और ब्लड की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। सभी चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन चालू रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए गए थे।

तीन दिन में 1156 मरीज, 69 भर्ती और 1087 ने ओपीडी में कराया इलाज
सिम्स में 7 से 9 नवंबर तक सामने आए मरीजों के आंकड़े बताते हैं कि त्योहार के दौरान अस्पताल पर आपातकालीन सेवाओं का दबाव बना रहा। इस अवधि में 69 मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि 1087 मरीजों ने ओपीडी में उपचार कराया।
मरीजों का विवरण इस प्रकार रहा।
सड़क दुर्घटना
25 मरीज भर्ती, 896 मरीजों का ओपीडी में उपचार।
मारपीट 10 मरीज भर्ती, 150 मरीजों का ओपीडी में उपचार।
पटाखों से झुलसने के मामले 14 मरीज भर्ती, 35 मरीजों का ओपीडी में उपचार।
आंखों की समस्या संक्रमण एवं चोट के 6 मरीजों का ओपीडी में उपचार।
सांस लेने में तकलीफ 20 मरीज भर्ती कर उपचार दिया गया।
हादसों और मारपीट के मामलों ने बढ़ाई चिंता
दीपावली के दौरान सिम्स पहुंचे मरीजों में सड़क दुर्घटना और मारपीट के मामले प्रमुख रहे। पटाखों से झुलसने के 49 मामले भी सामने आए, जिनमें 14 मरीजों को भर्ती करना पड़ा। वहीं आतिशबाजी और धुएं के बीच सांस लेने में परेशानी की शिकायत लेकर पहुंचे 20 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया। आंखों में संक्रमण और चोट के मामले भी सामने आए।
अलर्ट व्यवस्था से सुचारु रहीं आपातकालीन सेवाएं-:
सिम्स प्रबंधन के अनुसार त्योहार को देखते हुए की गई पूर्व तैयारियों, चिकित्सकीय टीम की उपलब्धता और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के चलते आपातकालीन सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहीं। रेफर होकर आए मरीजों और मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) को भी आवश्यकतानुसार उपचार उपलब्ध कराया गया।
आपातकालीन सहायता के लिए सिम्स के इमरजेंसी विभाग का दूरभाष क्रमांक 222301 है।

