स्कूल के दिनों की पुरानी खुन्नस बनी हमले की वजह आई-20 कार में जबरन बैठाकर बनाया बंधक लात-घूंसों और कड़े से किया हमला, छात्र के सिर में आई गंभीर चोटें…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] स्कूल के दिनों की मामूली कहासुनी और पुरानी रंजिश ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि मेडिकल कॉलेज के एक छात्र को अगवा कर सुनसान जगह ले जाकर बेरहमी से पीटा गया। आरोपियों ने पहले स्नैपचैट पर कॉल कर छात्र को मिलने के बहाने बुलाया और जैसे ही वह तय स्थान पर पहुंचा, उसे जबरन कार में बैठाकर कोनी घाट ले गए। वहां तीनों युवकों ने लात-घूंसों और कड़े से उसकी जमकर पिटाई की। हमले में छात्र के सिर पर चोट आई है। मामले में सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
स्नैपचैट कॉल के जाल में फंसा मेडिकल छात्र
पीड़ित अरिहंत दीक्षित जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सेकंड ईयर का छात्र है। वह इन दिनों छुट्टियों में अपने घर बिलासपुर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़ित पूर्व में डीएवी स्कूल में साथ पढ़ते थे। इसी दौरान हुई एक घटना को लेकर आरोपियों के मन में लंबे समय से नाराजगी थी। स्कूल के दिनों में टोपी खींचने और शिक्षकों से शिकायत करने की बात को लेकर पुरानी खुन्नस बनी हुई थी।
इसी रंजिश के चलते कृतिक मिश्रा ने स्नैपचैट के माध्यम से अरिहंत को कॉल कर मिलने के लिए बुलाया। अरिहंत जब हीरो शोरूम के पास पहुंचा तो वहां कृतिक मिश्रा, सिद्धी विनायक और आदित्य सरकार पहले से मौजूद थे।
जबरन कार में बैठाया, कोनी घाट में बरसाए लात-घूंसे
आरोप है कि तीनों युवकों ने अरिहंत को घेर लिया और उसका हाथ पकड़कर जबरन आई-20 कार में बैठा लिया। इसके बाद कार के दरवाजे लॉक कर उसे कोनी घाट के नीचे ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। लात-घूंसों के साथ कड़े से भी हमला किया गया, जिससे उसके सिर में चोट आई। अचानक हुए इस हमले से छात्र दहशत में आ गया।
सरकंडा पुलिस की कार्रवाई, तीनों आरोपी गिरफ्तार-:

घटना के बाद पीड़ित अरिहंत ने सरकंडा थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुरानी रंजिश में एक मेडिकल छात्र को बुलाकर जबरन कार में बैठाना और सुनसान इलाके में ले जाकर मारपीट करना कानून-व्यवस्था के लिहाज से गंभीर मामला है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर रहेगी।

