आतिशबाजी और छठ गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल… उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने की पूजा-अर्चना…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] रात का अंधेरा अभी पूरी तरह छंटा भी नहीं था कि अरपा तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हाथों में पूजन सामग्री से सजे सूप, सिर पर प्रसाद से भरे दउरे और जुबां पर छठी मैया के मंगल गीत… हर तरफ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत नजारा दिखाई दे रहा था। ब्रह्ममुहूर्त से ही तोरवा छठ घाट पर व्रतियों और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे ही पूर्व दिशा में उषा की पहली लालिमा बिखरी, नदी के जल में खड़े होकर व्रतियों ने उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इसी के साथ 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण हुआ और चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया।

सोमवार की सुबह तोरवा छठ घाट पर आस्था और उत्साह का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। देर रात से ही व्रती परिवार सहित घाट पहुंचने लगे थे। सुबह होते-होते पूरा घाट श्रद्धालुओं से भर गया। अरपा नदी में स्नान और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने बांस के सूप और दउरा में सजाए फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ तथा अन्य पारंपरिक प्रसाद के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। सूर्य की पहली किरण के साथ ही घाट पर छठी मैया के जयकारे गूंज उठे। इस दौरान हुई आतिशबाजी ने आसमान को रोशनी से भर दिया। छठ गीतों की मधुर स्वर लहरियों और भक्तिमय माहौल ने पूरे अरपा तट को उत्सवधाम में बदल दिया।

व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छठ पूजा समिति की ओर से दूध की व्यवस्था भी की गई थी। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने छठी मैया का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण किया। घाट पर उमड़ी भीड़ और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित जनप्रतिनिधियों ने किया सूर्यदेव को नमन:-
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के इस पावन अवसर पर छठ घाट पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, एसईसीएल सीएमडी हरीश दुहन, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह और राजेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने भगवान सूर्यदेव को नमन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह महापर्व बिलासपुर में 26 वर्षों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है।

संध्या अर्घ्य से लेकर उषाकालीन अर्घ्य तक अरपा तट पर श्रद्धा, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता की अनूठी तस्वीर देखने को मिली।
सामूहिक सहयोग से सफल हुआ आयोजन, समिति ने जताया आभार:-
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने छठ महापर्व के भव्य, सुव्यवस्थित और सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया।

उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय, पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन विभाग, नगर सेना, एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, स्वास्थ्य विभाग, अपोलो हॉस्पिटल, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सहित सभी विभागों और संस्थाओं के सहयोग की सराहना की। उन्होंने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का भी विशेष आभार व्यक्त किया, जिनकी सहभागिता से आयोजन सफल और भव्य बना।
अर्घ्य के साथ पूरी हुई 36 घंटे की कठिन साधना:-
छठ महापर्व में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही व्रत के पारण की परंपरा निभाई जाती है। व्रती भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण करते हैं और इसके बाद निर्जला उपवास खोलते हैं। ठेकुआ, फल और अन्य पारंपरिक प्रसाद परिवारजनों एवं परिचितों में वितरित किया जाता है।
यह पर्व केवल उपवास और पूजा का विधान नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, संयम, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और परिवार एवं समाज के मंगल की सामूहिक कामना का प्रतीक है।
भोर की आतिशबाजी ने अरपा तट को बनाया उत्सवधाम:-
तोरवा छठ घाट पर उगते सूर्य के स्वागत में हुई आतिशबाजी ने उत्सव के उल्लास को और बढ़ा दिया। आसमान में चमकती रोशनी, घाट पर गूंजते जयकारे और छठ गीतों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए। रात के सन्नाटे से सुबह की सुनहरी रोशनी तक अरपा तट पर आस्था का ऐसा दृश्य बना, जिसने छठ महापर्व की भव्यता और सामाजिक एकता को एक बार फिर जीवंत कर दिया।

आयोजन में इन सदस्यों का रहा विशेष योगदान
छठ महापर्व 2026 के सफल आयोजन में समिति अध्यक्ष प्रवीण झा, सचिव विनोद सिंह सहित डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास, सुधीर झा, ए.के. कंठ, लव कुमार ओझा, राम प्रताप सिंह, रोशन सिंह, निर्भय चौधरी, धनंजय झा, प्रशांत सिंह, हरिशंकर कुशवाहा, दिलीप चौधरी, डॉ. कुमुद रंजन सिंह, पी.सी. झा, चंद्र किशोर प्रसाद, अजीत पंडित, प्रमोद सिंह, रामसखा चौधरी, मुकेश झा, चंदन सिंह, राजीव गिरी, शशि नारायण मिश्रा, विकास राय, सतीश सिंह, विनोद सिंहा, हेमंत झा, जितेंद्र ठाकुर, परमेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, रविंद्र सिंह, अंबिकेश पांडे, रविंद्र कुशवाहा, शैलेंद्र सिंह, रुपेश कुशवाह, आदित्य सिंह, अक्ष झा, राहुल सिंह और आनंद झा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
संरक्षक मंडल में एस.पी. सिंह, व्ही.एन. झा, आर.पी. सिंह, अशोक झा, गणेश गिरी, बृजेश सिंह, एन.पी. शर्मा, एस.के. सिंह, विजय ओझा और अभय नारायण राय का मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा।

