दिवंगत न्यासियों के छायाचित्र स्थापित कर ट्रस्ट ने पेश की श्रद्धा और कृतज्ञता की बनी मिसाल…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] किसी भी धार्मिक संस्था की पहचान केवल उसके भव्य आयोजन और धार्मिक गतिविधियों से नहीं, बल्कि उन लोगों के समर्पण से भी होती है, जिन्होंने अपना जीवन उसकी सेवा और विकास के लिए समर्पित किया हो। इसी सेवा परंपरा और कृतज्ञता की भावना का परिचय श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट ने दिया। मंदिर कार्यालय में 18 नवंबर को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में जहां आगामी 19, 20 एवं 21 नवंबर को होने वाले 16वें वार्षिक उत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया, वहीं मंदिर की सेवा और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दिवंगत पूर्व न्यासियों के छायाचित्र स्थापित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

बैठक का सबसे भावुक और महत्वपूर्ण क्षण वह रहा, जब मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने दिवंगत पूर्व न्यासियों के छायाचित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को नमन किया। इस अवसर पर स्वर्गीय संजय नूनीवाल, स्वर्गीय गणेश पिपलवा, स्वर्गीय रामनारायण, स्वर्गीय मूलचंद खण्डेलवाल, स्वर्गीय प्रभुदयाल खण्डेलवाल, स्वर्गीय अशोक अरोड़ा, स्वर्गीय रामजी लालजी एवं स्वर्गीय बजरंग अग्रवाल के छायाचित्र मंदिर कार्यालय में स्थापित किए गए। इन पूर्व न्यासियों ने अपने जीवनकाल में मंदिर की सेवा, व्यवस्था और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। ट्रस्ट का यह निर्णय केवल छायाचित्र स्थापित करने तक सीमित नहीं, बल्कि उन सेवाभावी व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रयास है, जिनकी मेहनत, निष्ठा और समर्पण से मंदिर की सेवा परंपरा निरंतर आगे बढ़ी।

उनकी स्मृतियां अब मंदिर कार्यालय में आने वाली पीढ़ियों को भी सेवा और समर्पण की प्रेरणा देती रहेंगी।
निशान यात्रा की व्यवस्थाओं पर विशेष मंथन
बैठक में 16वें वार्षिक उत्सव के अंतर्गत 19 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से निशान यात्रा को लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवाजाही को प्राथमिकता दी गई। इसके लिए प्रवेश एवं निकास द्वार निर्धारित करने, निशान उठाने के दौरान राम मंदिर, तिलक नगर में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की भीड़ को सुव्यवस्थित रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए।
ट्रस्ट सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि तीन दिवसीय वार्षिक उत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरा आयोजन श्रद्धा, अनुशासन एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो।
सेवा की विरासत और भक्ति के उत्सव का संगम-:
बैठक में मधुसूदन झाझरिया, सीताराम जोशी, दीपराज उपाध्याय, कमल सोनी, संजय रजक, अनिल अग्रवाल, कैलाश मुरारका, किशोर मटोलिया, शरद मटोलिया एवं राहुल अरोड़ा उपस्थित रहे।

बैठक के समापन पर सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से 16वें वार्षिक उत्सव को श्रद्धा, भक्ति, सेवा और समर्पण के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया। एक ओर जहां मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचीं, वहीं दूसरी ओर दिवंगत न्यासियों को सम्मान देकर ट्रस्ट ने यह संदेश भी दिया कि धार्मिक संस्थाओं की वास्तविक पूंजी उनके सेवाभावी लोगों की विरासत होती है। सेवा करने वाले भले ही दुनिया से विदा हो जाएं, लेकिन उनके सत्कर्म और समर्पण की स्मृतियां सदैव जीवित रहती हैं।

