बोले…
गुणवत्ता से समझौता नही देरी पर होगी सख्त कार्रवाई..31 नवंबर तक मरीमाई रोड और 10 दिसंबर तक मंगला रोड पूरा करने का लक्ष्य शेष सड़कों पर तत्काल डामरीकरण के दिये निर्देश…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शहर की बदहाल और निर्माणाधीन सड़कों को लेकर अब नगर निगम ने काम की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी कर ली है। दिसंबर के अंत तक सभी सड़क निर्माण परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य तय करते हुए निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने बुधवार को शहर की विभिन्न सड़कों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंगला रोड, अटल पथ, अशोक नगर-बिरकोना गौरव पथ, साइंस कॉलेज रोड, अपोलो रोड और मरीमाई रोड सहित अन्य निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर ने अधिकारियों और ठेकेदारों को दो टूक निर्देश दिए कि जिन सड़कों पर डामरीकरण का काम शेष है, उसे तत्काल शुरू किया जाए। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी, लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को भी नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मंगला रोड पर 10 दिसंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य-:

निगम कमिश्नर ने सबसे पहले मंगला चौक से आजाद चौक तक लगभग 4.50 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क का निरीक्षण किया। सड़क निर्माण के साथ डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट, पोल शिफ्टिंग और पेड़ों की शिफ्टिंग जैसे कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने डिवाइडर निर्माण शीघ्र पूरा कर तत्काल डामरीकरण शुरू करने तथा सीएसईबी से समन्वय बनाकर लंबित बिजली पोल शिफ्टिंग का काम पूरा कराने के निर्देश दिए। इस सड़क को 10 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
अटल पथ का डामरीकरण और सौंदर्यीकरण जल्द-:

इंदिरा सेतु से रामसेतु तक नदी के बाईं ओर लगभग 9.73 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे अटल पथ का भी निरीक्षण किया गया। यहां डामरीकरण का काम शेष है। कमिश्नर ने इसे तत्काल शुरू करने के साथ रंगरोगन, सौंदर्यीकरण और पौधरोपण सहित अन्य लंबित कार्यों को भी समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
17 करोड़ के गौरव पथ में तेजी लाने के निर्देश
अशोक नगर से बिरकोना तक लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे गौरव पथ की प्रगति की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने डिवाइडर निर्माण और बिजली पोल शिफ्टिंग का काम शीघ्र पूरा करने को कहा। नाली निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि डब्ल्यूएमएम और डिवाइडर का काम जारी है। सड़क की निर्धारित चौड़ाई सुनिश्चित करने के लिए बाधक बन रहे छोटे अतिक्रमणों को नियमानुसार हटाने के निर्देश भी दिए गए।
साइंस कॉलेज से शनिचरी रपटा तक निर्माण में तेजी-:

साइंस कॉलेज रोड से शनिचरी रपटा तक लगभग 3.34 करोड़ रुपये की लागत से 900 मीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण एवं निर्माण किया जा रहा है। यहां नाली निर्माण और डब्ल्यूएमएम का काम प्रगतिरत है। कमिश्नर ने सभी कार्यों को निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
अपोलो रोड पर डामरीकरण की तारीख तय:-
अपोलो रोड से शनिचरी रपटा तक सड़क निर्माण की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने अलग-अलग हिस्सों में डामरीकरण की समयसीमा निर्धारित की। वसंत विहार चौक से मानसी गेस्ट हाउस तक सड़क निर्माण पूरा हो चुका है। मानसी गेस्ट हाउस से शराब दुकान तक डब्ल्यूएमएम का काम पूरा होने पर 22 नवंबर से डामरीकरण शुरू करने तथा शराब दुकान से मुक्तिधाम तक डब्ल्यूएमएम कार्य पूरा कर 25 नवंबर से डामरीकरण शुरू करने के निर्देश दिए गए।
गुरुनानक चौक से शक्ति चौक तक बिछेगी डामर की परत-:

गुरुनानक चौक से शनिदेव मंदिर होते हुए शक्ति चौक तक निर्माणाधीन सड़क पर डामरीकरण शुरू हो चुका है। कमिश्नर ने शेष हिस्से में भी तत्काल डामरीकरण कर सड़क को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
मरीमाई रोड के लिए नवंबर की समयसीमा
लगभग 95 लाख रुपये की लागत से बन रही मरीमाई रोड का निरीक्षण करते हुए निगम कमिश्नर ने डामरीकरण का काम नवंबर माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके लिए 31 नवंबर की समयसीमा निर्धारित की गई है।

धूल और अव्यवस्था पर भी रहेगी नजर
निर्माण कार्यों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कमिश्नर ने सभी निर्माण स्थलों पर नियमित पानी का छिड़काव, उचित बैरिकेटिंग और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और ठेकेदारों से समन्वय बनाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में सिर्फ काम पूरा करना ही नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता और टिकाऊपन भी प्राथमिकता है। दिसंबर माह के अंत तक सभी निर्धारित सड़क परियोजनाएं पूरी होनी चाहिए। तय समयसीमा का उल्लंघन करने और निर्माण में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अब निगम की इस सख्ती के बाद शहरवासियों को उम्मीद है कि लंबे समय से निर्माण और मरम्मत का इंतजार कर रही सड़कों पर जल्द ही आवागमन सुगम हो सकेगा।

