पौष्टिकता स्वाद और आकर्षक प्रस्तुति का दिखा अनूठा संगम…!
छठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] छत्तीसगढ़ की समृद्ध खान-पान परंपरा, लोकसंस्कृति और पारंपरिक स्वाद से नई पीढ़ी को जोड़ने के उद्देश्य से ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में आज छत्तीसगढ़ी व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों को अपनी रचनात्मकता और अनूठी कल्पनाशीलता के साथ प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की विविधता और पारंपरिक स्वाद की मनमोहक झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों ने चौसेला, फरहा मसाला, दहरोरी, अनरसा, अंगार रोटी, चील चटनी, दूध फर, मोटा रोटी, मालपुआ और बफौरी सहित अनेक पारंपरिक व्यंजन तैयार किए। खास बात यह रही कि बच्चों ने केवल स्वाद ही नहीं, बल्कि व्यंजनों की पौष्टिकता और उनकी आकर्षक सजावट पर भी विशेष ध्यान दिया। पारंपरिक व्यंजनों को नए और अनोखे अंदाज में सजाकर प्रस्तुत करने की विद्यार्थियों की कला ने निर्णायकों और उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

प्रतियोगिता को वरिष्ठ एवं कनिष्ठ दो वर्गों में विभाजित किया गया था। दोनों वर्गों में विद्यार्थियों ने अपनी पाककला, नवाचार और प्रस्तुति कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
वरिष्ठ वर्ग के विजेता
प्रथम स्थान- तमन्ना जायसवाल (अजंता हाउस)
द्वितीय स्थान- रितिका धुरी एवं उत्कर्षि मानिकपुरी (एलोरा हाउस)
तृतीय स्थान- वंशिका ठाकुर (तक्षशिला हाउस) एवं स्तुति मिश्रा (अजंता हाउस)
सांत्वना पुरस्कार- नित्यवीर ठाकुर (नालंदा हाउस)
कनिष्ठ वर्ग के विजेता
प्रथम स्थान- मीनाक्षी दास मानिकपुरी (अजंता हाउस)
द्वितीय स्थान- आरुषि उरांव एवं अंशिका पांडे (अजंता हाउस)
तृतीय स्थान- ऋतुराज एवं पलक भोई (एलोरा हाउस)
सांत्वना पुरस्कार- आकाशी शास्त्री (तक्षशिला हाउस)
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती निवेदिता सरकार एवं उपप्राचार्य श्रीमती तापोषी सरकार ने निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का स्वाद, पौष्टिकता, स्वच्छता, रचनात्मकता और प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया।

इस अवसर पर प्राचार्य श्रीमती निवेदिता सरकार ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और उनकी आकर्षक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों को अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खान-पान और अपनी मिट्टी की पहचान को सहेजकर रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि आधुनिकता के दौर में अपनी पारंपरिक विरासत को नई सोच और रचनात्मकता के साथ अगली पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है। शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहयोग से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


