पापुनि अध्यक्ष राजा पाण्डेय बोले…
सुशांत शुक्ला के विधायक बनने के बाद बेलतरा में हो रहे अनेक नए और अनूठे आयोजन कार्यकर्ताओं में है जबरदस्त उत्साह…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में राजकिशोर नगर स्थित ओम पैलेस में भव्य दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, देवतुल्य कार्यकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, अलग-अलग समाजों के गणमान्यजनों, मातृशक्ति, युवा साथियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

आत्मीयता, अपनत्व और उत्साह से परिपूर्ण इस आयोजन ने दीपावली की खुशियों को साझा करने के साथ सामाजिक एवं संगठनात्मक एकजुटता का भी संदेश दिया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं साथियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएँ दीं। संगीतमय प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को उत्साह और उमंग से सराबोर कर दिया।

सांस्कृतिक रंगों से सजी इस यादगार शाम में सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विधायक सुशांत शुक्ला ने सभी के साथ स्नेहभोज में सहभागिता करते हुए आत्मीय संवाद किया और उपस्थितजनों का कुशलक्षेम जाना।
राजा पाण्डेय ने की विधायक सुशांत शुक्ला की पहल और आयोजनों की सराहना-:

समारोह में विशेष रूप से उपस्थित छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम (पापुनि) के अध्यक्ष राजा पाण्डेय ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि जब से सुशांत शुक्ला विधायक बने हैं, बेलतरा विधानसभा में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को एक नई पहचान मिली है। तीजा तिहार जैसे मातृशक्ति के सम्मान और उत्सव से जुड़े भव्य आयोजन, बेलतरा महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को प्रोत्साहन और अब दीपावली स्नेह मिलन जैसे आत्मीय आयोजन यह दर्शाते हैं कि विधायक सुशांत शुक्ला समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बेलतरा में इस तरह के अनेक आयोजन पहले देखने को नहीं मिलते थे। इन कार्यक्रमों से विभिन्न समाजों, सामाजिक संगठनों और पार्टी के कार्यकर्ताओं को एक मंच पर मिलने, संवाद करने और आपसी संबंध मजबूत करने का अवसर मिल रहा है। विशेष रूप से कार्यकर्ताओं में इन आयोजनों को लेकर अत्यंत उत्साह है।

ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विधायक सुशांत शुक्ला ने जताया आत्मीय आभार-:

इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सद्भाव और आपसी आत्मीयता का उत्सव है। मेरे लिए बेलतरा विधानसभा का प्रत्येक परिवारजन अपना परिवार है। आज इस आयोजन में वरिष्ठजनों का आशीर्वाद, कार्यकर्ताओं का उत्साह, मातृशक्ति का स्नेह, युवा साथियों की ऊर्जा तथा विभिन्न समाजों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति देखकर मन अत्यंत आनंदित है।

उन्होंने आगे कहा कि सार्वजनिक जीवन में प्राप्त सबसे बड़ी पूंजी लोगों का स्नेह, विश्वास और सहयोग होता है। ऐसे आयोजन किसी औपचारिकता तक सीमित नहीं होते, बल्कि हमें एक-दूसरे के करीब लाने और रिश्तों को और मजबूत बनाने का माध्यम बनते हैं।

हमारा प्रयास है कि बेलतरा विधानसभा में सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और पारिवारिक अपनत्व की यह परंपरा निरंतर मजबूत होती रहे। वर्षों से मिल रहे आप सभी के स्नेह और सहयोग के लिए मैं हृदय से आभारी हूं। आप सभी का साथ और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।

समारोह में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल, सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाजों के प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठजन, देवतुल्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

दीपावली स्नेह मिलन समारोह ने आपसी प्रेम, सामाजिक सौहार्द और पारिवारिक एकजुटता की भावना को और प्रगाढ़ करते हुए सभी के लिए अविस्मरणीय यादें संजोईं।

