कृषक उन्नति योजना में प्रति एकड़ 13,893 रुपये कीआदान सहायता किसानों को धान विक्रय की मिलेगी स्वतंत्रता…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के हित में कृषक उन्नति योजना के तहत महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए धान खरीदी और आदान सहायता की व्यवस्था को और अधिक किसान हितैषी बनाने का निर्णय लिया है। अब किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता के स्थान पर प्रति एकड़ 13,893 रुपये की एक समान आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इससे किसानों को अपनी जरूरत, सुविधा और आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप धान विक्रय करने की स्वतंत्रता मिलेगी। साथ ही, रकबे की तुलना में कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल सकेगा।
इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल ने जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह कदम किसानों की आय बढ़ाने, उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और कृषि क्षेत्र को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना का उद्देश्य किसानों को धान उत्पादन के साथ-साथ वैकल्पिक लाभकारी फसलों की ओर भी प्रेरित करना है, जिससे खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।
अन्य फसल लेने वाले किसानों को भी मिलेगा बढ़ा हुआ अनुदान-:
श्री चंदेल ने बताया कि फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए अन्य फसल लेने वाले किसानों को दी जाने वाली सहायता राशि में भी वृद्धि की गई है। इसके तहत निर्धारित फसल विविधीकरण घटक में प्रति एकड़ सहायता राशि 11 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये करने का प्रावधान किया गया है। इस योजना के अंतर्गत अब तक 52 हजार से अधिक किसान 28 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन करा चुके हैं।
इसी प्रकार धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास जैसी वैकल्पिक फसलों का उत्पादन करने वाले किसानों के लिए भी प्रति एकड़ 10 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान है। इस घटक के अंतर्गत अब तक 4 लाख 26 हजार 185 किसानों ने 2 लाख 6 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया है।
तीन वर्षों में किसानों को 35,904 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान-:

पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष ने बताया कि वर्ष 2023 से 2025 तक खरीफ फसल के लिए प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35,904 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार निर्णय ले रही है और कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में काम कर रही है।
गन्ना किसानों को अब 425 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान-:
श्री चंदेल ने गन्ना किसानों के हित में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने गन्ने का उपार्जन दर 355 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। प्रदेश के चारों शक्कर कारखानों से जुड़े किसानों को शक्कर रिकवरी प्रतिशत के अनुसार एमआरपी का भुगतान करने के बाद अंतर की राशि गन्ना प्रोत्साहन राशि के रूप में दी गई है। इस प्रकार प्रदेश के किसानों को न्यूनतम 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने दावा किया कि अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ में गन्ना उत्पादक किसानों को सर्वाधिक राशि प्रदान की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि इस वर्ष भी दलहन एवं तिलहन उत्पादक किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन कर उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
पत्रकारवार्ता में भाजपा पदाधिकारी रहे उपस्थित-:
पत्रकारवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, जिला महामंत्री सोमेश तिवारी, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री राकेश तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी केके शर्मा, जिला मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

