मेडिकल विद्यार्थियों के अध्ययन और अनुसंधान में काम आएगा उनका देह-दान…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] कुछ लोग अपने जीवन से समाज को दिशा देते हैं, तो कुछ मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा का ऐसा उदाहरण छोड़ जाते हैं, जो पीढ़ियों तक याद किया जाता है। लखराम निवासी 79 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका नसीम राय ने देहदान कर ऐसी ही प्रेरणादायी मिसाल पेश की है। जीवनभर विद्यार्थियों का भविष्य संवारने वाली नसीम राय की पार्थिव देह अब मेडिकल विद्यार्थियों की पढ़ाई और चिकित्सा अनुसंधान में उपयोगी साबित होगी।
नसीम राय (पति सुरेश राय) ने अपने जीवनकाल में ही देहदान का संकल्प लिया था। उनकी इच्छा थी कि जिस तरह उन्होंने जीवनभर शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया, उसी तरह मृत्यु के बाद भी उनकी देह चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन में काम आए। परिजनों ने उनकी इस मानवीय सोच का सम्मान करते हुए अंतिम इच्छा को पूरा किया।
नसीम राय का शिक्षकीय जीवन 11 जुलाई 1965 को प्रारंभ हुआ था। वर्ष 1965 से 1972 तक उन्होंने बलौदा में अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद वर्ष 1972 से 2009 तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखराम में पदस्थ रहते हुए हजारों विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में योगदान दिया। करीब 44 वर्षों तक शिक्षा की अलख जगाने के बाद वे सेवानिवृत्त हुईं। उनके पति सुरेश राय भी शिक्षक रहे हैं। इस तरह दंपती ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा शिक्षा और समाज निर्माण को समर्पित किया।

उनके देहदान से मेडिकल विद्यार्थियों को मानव शरीर की संरचना, विभिन्न अंगों की बनावट और उनकी कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलेगा। चिकित्सा शिक्षा में मानव देह का अध्ययन अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसके माध्यम से भावी चिकित्सक व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर चिकित्सा अनुसंधान की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगे।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि देहदान समाज के प्रति सेवा, समर्पण और मानवता का सर्वोच्च उदाहरण है। चिकित्सा शिक्षा में मानव देह का विशेष महत्व है। विद्यार्थियों को शरीर की संरचना और अंगों की कार्यप्रणाली समझने के लिए इससे महत्वपूर्ण व्यावहारिक ज्ञान मिलता है। नसीम राय ने जीवनभर शिक्षा के माध्यम से समाज को दिशा दी और मृत्यु के बाद भी चिकित्सा शिक्षा में योगदान देकर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए परिजनों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
देहदान के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जनपद उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, जिला पंचायत सदस्य जागेंद्र कौशिक, जनपद सदस्य मनोज पटेल, विधायक प्रतिनिधि उमेश गौरहा, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति तथा एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. शिक्षा जांगड़े सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नसीम राय के इस निर्णय को समाज के लिए अनुकरणीय और प्रेरणादायी बताया।

नसीम राय अपने पीछे पति सुरेश राय, पुत्र स्वप्निल राय और पुत्री समृद्धि राय सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिजनों ने उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान कर यह संदेश दिया कि सच्ची श्रद्धांजलि केवल स्मृतियों में किसी को जीवित रखना नहीं, बल्कि उसके विचारों और संकल्पों को आगे बढ़ाना भी है।
शिक्षा से शुरू हुआ सेवा का सफर, देहदान से भी जारी रहेगा। नसीम राय ने अपने जीवन में ज्ञान का उजियारा फैलाया और मृत्यु के बाद भी भावी चिकित्सकों के ज्ञान का आधार बनने का संकल्प पूरा किया। उनका यह कदम समाज को यह प्रेरणा देता है कि मृत्यु के बाद भी देहदान के माध्यम से मानवता की सेवा की जा सकती है।

