ऑटो चालक से बरामद कर कारोबारी को लौटाई पूरी रकम ईमानदारी और पुलिस की तत्परता से चंद घंटों में सुलझा मामला…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शहर में पुलिस की सक्रियता और आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। पुराना हाईकोर्ट से व्यापार विहार जाते समय रास्ते में एक्टिवा से गिरा करीब 3 लाख रुपये नकद से भरा बैग पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से तलाश कर सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने बैग को एक ऑटो चालक से प्राप्त कर पूरी रकम कारोबारी को सकुशल वापस सौंप दी।
थाना सिटी कोतवाली से मिली जानकारी के अनुसार, पुराना हाईकोर्ट के पीछे निवासी नरेंद्र छुगानी व्यापार विहार एवं तिफरा मंडी में दीपक आलू भंडार के नाम से दुकान संचालित करते हैं। 23 जून को सुबह करीब 9 बजे वे अपनी एक्टिवा से घर से दुकान जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान टिकरापारा स्थित मामा-भांजा तालाब के पास एक्टिवा में रखा उनका बैग अचानक सड़क पर गिर गया। बैग में करीब 3 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। कुछ दूर पहुंचने के बाद जब उन्हें बैग गायब होने का पता चला तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल सिटी कोतवाली पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर आसपास के मार्गों और शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे आईटीएमएस एवं सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। लगातार फुटेज की जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। कैमरे में एक मोटरसाइकिल चालक सड़क पर पड़े बैग को उठाकर एक ऑटो चालक को सौंपते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने ऑटो के नंबर के आधार पर आरटीओ कार्यालय से वाहन मालिक की जानकारी जुटाई और ऑटो चालक की पहचान कर उसे थाने बुलाया।

पूछताछ के दौरान ऑटो चालक ने बताया कि उसे रास्ते में बैग गिरा हुआ मिला था, जिसे उसने अपने पास रख लिया था। पुलिस ने बैग अपने कब्जे में लेकर उसमें रखी रकम की तस्दीक की और प्रार्थी नरेंद्र छुगानी को थाने बुलाकर बैग सुरक्षित वापस सौंप दिया।
इस तरह सीसीटीवी कैमरों की मदद, पुलिस की तत्परता और तकनीकी सूझबूझ से कारोबारी की तीन लाख रुपये की बड़ी रकम सुरक्षित वापस मिल गई। घटना ने एक बार फिर साबित किया कि शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे अपराधों की निगरानी के साथ-साथ आम नागरिकों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

