छठ पर्व और सिंदूर की परंपरा पर कथित अशोभनीय टिप्पणी से आक्रोश…!
छठ पूजा समिति सहित सर्व समाज ने जताया विरोध…!
कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] लोक आस्था के महापर्व छठ पवित्र सिंदूर की परंपरा और महिलाओं को लेकर स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में न्यायधानी बिलासपुर में आक्रोश सामने आया है। मामले को लेकर छठ पूजा समिति, पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच भोजपुरी समाज, सहजानंद समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया। बड़ी संख्या में समाजजन सिविल लाइन थाने और पुलिस कार्यालय पहुंचे तथा संबंधित कॉमेडियन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कानून के अनुरूप कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कॉमेडी और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी धर्म की आस्था, धार्मिक परंपराओं, क्षेत्रीय अस्मिता और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। छठ महापर्व करोड़ों लोगों की श्रद्धा और आस्था से जुड़ा पर्व है। इसमें महिलाओं द्वारा नाक से माथे तक सिंदूर लगाने की परंपरा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। ऐसे में इस परंपरा को लेकर की गई कथित अशोभनीय टिप्पणी ने श्रद्धालुओं और समाज के विभिन्न वर्गों को आहत किया है।

बिलासपुर में छठ महापर्व की विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान है। शहर में एशिया का सबसे बड़ा स्थायी छठ घाट भी स्थित है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु अरपा नदी के तट पर सूर्योपासना के इस महापर्व में शामिल होते हैं। यही वजह है कि इस विवाद को लेकर शहर में व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
इसी क्रम में छठ पूजा समिति बिलासपुर ने थाना प्रभारी सिविल लाइन और एडिशनल एसपी शहर को आवेदन सौंपकर पूरे मामले में तत्काल अपराध दर्ज करने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यह विषय किसी एक पर्व अथवा समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि धार्मिक आस्था, सामाजिक मर्यादा और नारी सम्मान से जुड़ा हुआ है। पुलिस प्रशासन को शिकायत की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करनी चाहिए।

विरोध में शामिल सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक स्वर में कहा कि किसी भी व्यक्ति को लोकप्रियता या मनोरंजन के नाम पर समाज की धार्मिक भावनाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का उपहास उड़ाने का अधिकार नहीं है। समाज की मांग है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच हो और आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सोशल मीडिया की आजादी के साथ मर्यादा भी जरूरी प्रवीण झा-:

छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। कॉमेडियन की कथित अशोभनीय टिप्पणी से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। मनोरंजन और कॉमेडी के नाम पर किसी धर्म, पर्व, क्षेत्र या महिलाओं का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। सोशल मीडिया और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ सामाजिक मर्यादा और जिम्मेदारी का पालन भी जरूरी है।
माफी से आगे निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई जरूरी रौशन सिंह-:
छठ पूजा समिति के सदस्य रौशन सिंह ने कहा कि समाज की मांग किसी व्यक्ति से व्यक्तिगत दुश्मनी निकालने की नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और महिलाओं के सम्मान की रक्षा करने की है। लोकप्रियता हासिल करने के लिए किसी को भी समाज की भावनाओं से खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है। वीडियो हटाने या माफी मांगने भर से मामले की गंभीरता समाप्त नहीं हो जाती। पुलिस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करे और आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि बिलासपुर का सर्व समाज अपनी सांस्कृतिक अस्मिता और महिलाओं के सम्मान से जुड़े विषय पर अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
कौन हैं यश माहेश्वरी, कैसे शुरू हुआ विवाद?
यश माहेश्वरी स्टैंडअप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं, जो ‘अलमोस्ट यश’ नाम से यूट्यूब चैनल संचालित करते हैं। उनके एक स्टैंडअप शो का वीडियो 21 नवंबर को यूट्यूब पर अपलोड होने के बाद विवाद सामने आया। वीडियो में छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं द्वारा नाक से माथे तक सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर की गई कथित अश्लील टिप्पणी के अंश सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इसके बाद विभिन्न राज्यों में विरोध शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर कॉमेडियन ने वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और अपनी गलती स्वीकार की। हालांकि, इसके बावजूद विरोध जारी रहा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को पटना साइबर थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। वहीं 26 नवंबर को दिल्ली के साकेत थाने में भी शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई। अब बिलासपुर में भी सामाजिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
विरोध में ये रहे शामिल-:
छठ पूजा समिति की ओर से अभय नारायण राय, सुधीर झा, विजय ओझा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, धनंजय झा, दिलीप चौधरी, कुमुद रंजन सिंह, प्रशांत सिंह, राजीव गिरी, राजीव कुमार, सी.एम. सिंह, चंद्र किशोर प्रसाद, रविंद्र सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद सिंह, शशि नारायण मिश्रा, सतीश सिंह, रविंद्र कुशवाहा, धीरज झा, विकास राय, भरत भूषण झा, पंकज सिंह, विनोद सिंह, राम गोस्वामी, राजेश्वर शर्मा, बृजराज सिंह, मनोज सिंह, जटाशंकर झा और ऋषि सिंह सहित बड़ी संख्या में नगरवासी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा छठ पूजा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

