स्वीकृत आवासों का निर्माण 30 नवंबर तक शुरू कराने के निर्देश लापरवाही पर दो इंजीनियर और तीन सीएलटीसी को कारण बताओ नोटिस…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की योजना में अब निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर नगर निगम प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने पीएम आवास योजना के बीएलसी घटक की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रूफ टॉप स्तर तक पहुंच चुके सभी आवासों का निर्माण हर हाल में 15 दिसंबर तक पूरा किया जाए। वहीं, स्वीकृति मिलने और पहली किस्त जारी होने के बावजूद जिन आवासों का निर्माण अब तक शुरू नहीं हुआ है, उनका काम 30 नवंबर तक अनिवार्य रूप से प्रारंभ कराया जाए।
विकास भवन में सोमवार को आयोजित बैठक में निगम कमिश्नर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को हितग्राहियों से सीधे संपर्क कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब स्वीकृत आवास समय पर बनकर तैयार हों और हितग्राहियों को उनका पक्का मकान मिल सके।
कमिश्नर ने विशेष रूप से उन हितग्राहियों पर ध्यान देने को कहा, जिनके आवास स्वीकृत हो चुके हैं और पहली किस्त की राशि भी उनके खातों में पहुंच चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। ऐसे हितग्राहियों से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें निर्माण शुरू करने के लिए प्रेरित करने और जरूरत के अनुसार आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि निगम कमिश्नर सितंबर माह में भी ऐसे हितग्राहियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर संवाद कर चुके हैं। इसके बावजूद निर्माण शुरू नहीं होने पर अब अधिकारियों को स्पष्ट समयसीमा के साथ लक्ष्य पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक से नदारद मिले दो इंजीनियर और तीन सीएलटीसी, कारण बताओ नोटिस के निर्देश
समीक्षा बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति को निगम कमिश्नर ने गंभीरता से लिया। पीएम आवास शाखा की महत्वपूर्ण बैठक में दो इंजीनियर और तीन सीएलटीसी के अनुपस्थित रहने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों में एई अनिल वासू, सब इंजीनियर प्रिया सिंह तथा सीएलटीसी मयंक वर्मा, कुलदीप जायसवाल और रविंद्र सुनहरे शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि सीएलटीसी (सिटी लेवल टेक्निकल सेल) प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के क्रियान्वयन में तकनीकी सहयोग देने वाली टीम है। ऐसे में योजना की प्रगति और निर्माण कार्यों की निगरानी से जुड़े कर्मचारियों की बैठक में अनुपस्थिति को निगम प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
समयसीमा में निर्माण पूरा कराना प्राथमिकता
निगम कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि पीएम आवास योजना के कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को हितग्राहियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूर्ण कराने और प्रत्येक आवास की प्रगति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अब निगम प्रशासन के सामने दो महत्वपूर्ण समयसीमाएं हैं।30 नवंबर तक अप्रारंभ आवासों में निर्माण शुरू कराना और 15 दिसंबर तक रूफ टॉप स्तर तक पहुंचे आवासों को पूर्ण कराना। इन लक्ष्यों की पूर्ति से ही योजना के क्रियान्वयन की वास्तविक प्रगति सामने आएगी।

