15 दिन में दूसरी घटना पुलिस पायलेटिंग व्यवस्था भी सवालों के घेरे में…!
निष्पक्ष जांच की मांग…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बेलगहना स्थित श्री सिद्धबाबा अद्वैत परमहंस आश्रम के परम श्रद्धेय स्वामी जी महाराज की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बीते 22 नवंबर की रात धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय स्वामी जी महाराज के काफिले पर जंगल क्षेत्र में अज्ञात लोगों द्वारा पथराव किए जाने की घटना सामने आई है। वहीं, इससे पहले आश्रम परिसर में संदिग्ध व्यक्ति के प्रवेश और चोरी की घटना भी हो चुकी है। महज 15 दिनों के भीतर सुरक्षा से जुड़ी दो घटनाओं ने आश्रम प्रबंधन और श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। मामले में पुलिस पायलेटिंग व्यवस्था की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है।
जंगल क्षेत्र में काफिले को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर की रात्रि सोनसाय नवागांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम से वापस लौटते समय भेलवा टिकरा एवं मिट्ठू नवागांव के बीच जंगल क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों ने स्वामी जी महाराज के काफिले पर पथराव कर दिया। पत्थर काफिले में शामिल वाहन की नंबर प्लेट और फ्रंट ग्रिल पर लगा, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए आश्रम की ओर से थाना बेलगहना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस पायलेटिंग व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस पायलेटिंग व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आवेदन में दावा किया गया है कि बिलासपुर आरक्षी केंद्र से उपलब्ध कराई गई पायलेटिंग व्यवस्था में तैनात चालक सहित आरक्षक कथित रूप से शराब के नशे में थे। इतना ही नहीं, पायलेटिंग वाहन स्वामी जी महाराज के वाहन से लगभग 500 मीटर की दूरी पर चल रहा था। ऐसे में सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस बल की उपयोगिता और जिम्मेदारी पर सवाल उठना स्वाभाविक है। आवेदक ने संबंधित चालक एवं आरक्षकों का तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण कराने और उनकी भूमिका की निष्पक्ष विभागीय जांच की मांग की है।
पहले आश्रम में संदिग्ध प्रवेश और चोरी की घटना-:

आश्रम की सुरक्षा को लेकर चिंता का एक और कारण 7 नवंबर 2026 की घटना है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि रात करीब 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में आश्रम परिसर में प्रवेश कर स्वामी जी महाराज के निजी कक्ष तक पहुंच गया था। इस दौरान धार्मिक ग्रंथ एवं एक पक्षी की चोरी का मामला भी सामने आया था। घटना के संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अब काफिले पर पथराव की घटना के बाद दोनों मामलों के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कराने की मांग की गई है।
व्यक्तिगत सुरक्षा बढ़ाने सहित छह प्रमुख मांगें
आश्रम की ओर से पुलिस प्रशासन के समक्ष सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं। इनमें काफिले पर पथराव की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई, पायलेटिंग दल का मेडिकल परीक्षण एवं विभागीय जांच, दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की पड़ताल और स्वामी जी महाराज की व्यक्तिगत सुरक्षा बढ़ाना प्रमुख है।
इसके साथ ही आश्रम परिसर में नियमित रात्रिकालीन पुलिस गश्त, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी तथा धार्मिक आयोजनों एवं आवागमन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल के साथ प्रभावी पायलेटिंग और एस्कॉर्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है आश्रम
आवेदन में बताया गया है कि श्री सिद्धबाबा अद्वैत परमहंस आश्रम, बेलगहना से छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। यहां नियमित रूप से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में आश्रम और स्वामी जी महाराज की सुरक्षा का विषय केवल एक व्यक्ति अथवा संस्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और विश्वास से भी जुड़ा हुआ है।

लगातार सामने आ रही घटनाओं के मद्देनजर अब पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की कमियों की जांच करे और आवश्यक कदम उठाए। आवेदक ने कार्रवाई एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में लिखित जानकारी उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इन गंभीर आरोपों और सुरक्षा संबंधी मांगों पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है।

