सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू बिक्री पर प्रशासन हुआ सख्त…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शहर में तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से जुड़े नियमों की अनदेखी अब दुकानदारों को भारी पड़ने लगी है। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को गांधी चौक और कोतवाली क्षेत्र में खाद्य, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाली 16 दुकानों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। इस दौरान कुल 2,800 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य तंबाकू नियंत्रण कानूनों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के साथ आम नागरिकों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था।

निरीक्षण के दौरान टीम ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 की धारा 4 एवं 6 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की। जांच में तंबाकू उत्पाद बेचने वाली कुछ दुकानों पर माचिस और लाइटर भी उपलब्ध पाए गए। वहीं, शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

संयुक्त टीम ने चाय दुकानों, भोजनालयों और होटलों के संचालकों को सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। अभियान के दौरान दुकानदारों के साथ आम नागरिकों को भी तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।

दोबारा उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
टीम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि तंबाकू नियंत्रण कानूनों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोबारा नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस अभियान से स्पष्ट है कि शहर में तंबाकू नियंत्रण नियमों के पालन को लेकर अब निगरानी और कार्रवाई दोनों तेज की जा रही हैं।

