17 साल की किशोरी लोकेशन तक नहीं बता पा रही थी..शरीर पर चोट के निशान देख मां ने मोहल्ले के युवक पर लगाएं गम्भीर आरोप
जताई हत्या की आशंका…
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] जिस बेटी की आवाज में कुछ घंटे पहले दर्द और डर था, उसी बेटी की मौत की खबर सुनकर एक मां की दुनिया उजड़ गई। फोन पर रोते हुए बेटी ने सिर्फ इतना कहा था…
“मां, मेरे साथ मारपीट हो रही है…” मां उस वक्त काम में व्यस्त होने के कारण बेटी की पहली कॉल नहीं उठा सकी थी। बाद में जब बात हुई तो बेटी की आवाज में घबराहट थी, आंसू थे और मदद की गुहार थी। लेकिन मां उसकी लोकेशन तक नहीं जान सकी। कुछ घंटे बाद अस्पताल से आई खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। 17 वर्षीय आरुषि अब इस दुनिया में नहीं थी।

दिल दहला देने वाला यह मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। किशोरी की मां मीना डहरिया ने मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी पर बेटी के साथ मारपीट कर उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मां का दावा है कि बेटी ने घटना से पहले फोन पर मारपीट की जानकारी दी थी। बाद में युवक ने अस्पताल में भर्ती कराने और फिर फांसी लगाने की बात कही। किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
मां से आखिरी बातचीत में छलक उठा था बेटी का दर्द:-

घुरु निवासी मीना डहरिया रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनकी 17 वर्षीय बेटी आरुषि एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती थी। बुधवार सुबह वह रोज की तरह काम पर निकली थी। दोपहर में मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी ने मैसेज कर उसे मिलने के लिए बुलाया।
मां के मुताबिक, कुछ देर बाद आरुषि ने उन्हें फोन किया, लेकिन काम में व्यस्त होने के कारण वह कॉल नहीं उठा सकीं। बाद में जब उन्होंने बेटी को वापस फोन किया तो दूसरी तरफ से रोने की आवाज आई। आरुषि ने बताया कि युवक उसके साथ मारपीट कर रहा है। बेटी की घबराई हुई आवाज सुनकर मां परेशान हो उठीं। वह बेटी से उसकी लोकेशन पूछती रहीं, लेकिन भय और घबराहट के बीच आरुषि अपनी जगह नहीं बता सकी।
एक मां के लिए इससे ज्यादा बेबसी क्या होगी कि उसकी बेटी मुसीबत में हो, मदद के लिए पुकार रही हो और वह चाहकर भी उस तक पहुंच न पा रही हो।
शाम को आया फोन, लेकिन बेटी की सलामती की जगह मिली मौत की खबर-:

मीना के अनुसार, शाम करीब 6 बजे युवक दुर्गेश ने फोन कर बताया कि आरुषि को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके कुछ देर बाद उसने दोबारा फोन किया और किशोरी के फांसी लगाने की बात कहते हुए उसे सिम्स लाने की जानकारी दी।
परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे,लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रात करीब 8 बजे सिम्स पुलिस चौकी से परिवार को आरुषि की मौत की सूचना मिली। जिस बेटी की आवाज कुछ घंटे पहले मां के कानों में मदद की गुहार बनकर गूंजी थी अब उसकी मौत की खबर परिवार के सामने थी।
शरीर पर चोट के निशान देखकर मां ने उठाए सवाल-:
बेटी का शव देखने के बाद मां मीना डहरिया ने युवक पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि आरुषि के शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। मां ने आशंका जताई है कि बेटी के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उसकी मौत को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
परिजनों का सवाल है कि यदि किशोरी ने फोन पर मारपीट की जानकारी दी थी, तो आखिर उसके साथ उस दौरान क्या हुआ…?
उसे अस्पताल किस परिस्थिति में पहुंचाया गया….? शरीर पर चोट के निशान कैसे आए…?
इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें…? पुलिस कर रही जांच-:
सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। परिजनों ने युवक पर मारपीट और हत्या के आरोप लगाए हैं। किशोरी का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध तथ्यों और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आरुषि की मौत के पीछे की सच्चाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के सामने आने का इंतजार है। एक ओर मां अपनी बेटी को खोने के गम में टूट चुकी है, वहीं दूसरी ओर परिवार को इस सवाल का जवाब चाहिए कि आखिर उस दिन आरुषि के साथ हुआ क्या था…?
फोन पर मां से मदद मांगने वाली 17 साल की बेटी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह सच सामने आना बेहद जरूरी है।

