30 नवंबर तक वसूली का लक्ष्य बड़े बकायादारों के नाम होंगे सार्वजनिक हॉस्टल स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थान भी निगम के रडार पर…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नगर निगम की राजस्व वसूली में सुस्ती और निर्धारित लक्ष्य से पिछड़ने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर अब कार्रवाई की गाज गिरनी शुरू हो गई है। निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने राजस्व वसूली में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए दो टूक चेतावनी दी है कि लक्ष्य हासिल नहीं करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन रोका जाएगा। इतना ही नहीं, बिना अनुमति बैठक से गायब रहने वाले सात वार्ड प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि कम वसूली करने वाले तीन अन्य वार्ड प्रभारी भी जवाबदेही के दायरे में आएंगे।
विकास भवन स्थित दृष्टि सभा कक्ष में आयोजित राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक में आयुक्त ने नगर निगम के सभी आठ जोनों की जोनवार और वार्डवार वसूली का बारीकी से जायजा लिया। शासन द्वारा निर्धारित मासिक लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। बैठक में राजस्व अधिकारी और जोन क्रमांक-5 के सहायक राजस्व अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।
30 नवंबर की डेडलाइन, चूके तो दिसंबर में बढ़ेगा दबाव-:

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि 23 अक्टूबर को हुई पिछली समीक्षा बैठक में जोन और वार्डवार वसूली के जो लक्ष्य निर्धारित किए गए थे, उन्हें हर हाल में 30 नवंबर 2026 तक पूरा करना होगा। इसके लिए वसूली अभियान में तेजी लाने और प्रत्येक वार्ड की प्रगति की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा नहीं होने पर बची हुई राशि दिसंबर माह के लक्ष्य में जोड़कर वसूली की जाएगी। यानी लापरवाही बरतने वालों को अब अतिरिक्त मोहलत मिलने वाली नहीं है।
बड़े बकायादारों के नाम होंगे सार्वजनिक, नोटिस के बाद कार्रवाई-:
राजस्व वसूली में सबसे बड़ी चुनौती बने बड़े बकायादारों पर निगम अब विशेष निगरानी रखेगा। आयुक्त ने ऐसे करदाताओं से सीधे संपर्क करने, उन्हें नोटिस तामील कराने और बड़े बकायादारों की सूची सार्वजनिक करने के निर्देश दिए हैं। सभी वार्डों में संपत्ति कर वसूली शिविर लगाने के साथ कचरा कलेक्शन वाहनों के माध्यम से प्रतिदिन जागरूकता जिंगल चलाकर नागरिकों को कर भुगतान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
हॉस्टल से लेकर कोचिंग संस्थानों तक पहुंचेगा वसूली अभियान-:
निगम की नजर अब केवल घरेलू संपत्ति करदाताओं तक सीमित नहीं रहेगी। शहर में संचालित सभी हॉस्टलों से नियमानुसार उपयोग के आधार पर उपभोक्ता प्रभार (यूजर चार्ज) वसूला जाएगा। निजी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों से भी नियमानुसार संपत्ति कर तथा उपयोग के अनुसार उपभोक्ता प्रभार लेने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, निगम के बाजार विभाग की दुकानों से किराया वसूली की धीमी रफ्तार पर भी आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए इसमें तेजी लाने को कहा है।
डिजिटल व्यवस्था होगी आसान, हिंदी में बनेगा चैटबॉट-:
करदाताओं को भुगतान में सुविधा देने के लिए निगम अपनी डिजिटल व्यवस्था को भी बेहतर बनाएगा। आयुक्त ने संबंधित एजेंसी को चैटबॉट को सरल और हिंदी भाषा में तैयार करने तथा करदाताओं को बल्क मैसेज भेजने के निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष 2026-27 में नए बनाए गए संपत्ति करदाताओं की आईडी का पूरा विवरण प्रस्तुत करने और सभी जोनों में कार्यरत राजस्व कर्मचारियों के परिचय पत्र तैयार कराने को भी कहा गया।
कर जमा नहीं किया तो नोटिस और कुर्की की नौबत-:

आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने शहर के सभी संपत्तिधारकों, संस्थानों और निगम की दुकानों के किरायेदारों से अपील की है कि वे संपत्ति कर, उपभोक्ता प्रभार और दुकान किराया समय पर जमा करें। उन्होंने चेताया कि भुगतान में लापरवाही करने पर नोटिस और कुर्की जैसी कार्रवाई की स्थिति बन सकती है।
नागरिक संबंधित जोन कार्यालयों, निगम के अधिकृत वसूली कर्मचारियों अथवा निगम के ऑनलाइन पोर्टल nigambilaspur.com/ptis के माध्यम से भुगतान कर सकते हैं। निगम ने नागरिकों से भुगतान की रसीद अनिवार्य रूप से लेने और राशि जमा करने से पहले वसूली कर्मचारी का परिचय पत्र देखने की अपील भी की है।
साफ है कि निगम प्रशासन अब राजस्व वसूली को लेकर किसी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। अधिकारियों से लेकर वार्ड प्रभारियों और बड़े बकायादारों तक, सभी की जवाबदेही तय करने की तैयारी है।

