व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए सट्टा पट्टी खिलाने वाले गिरोह में था शामिल पूर्व में चार साथी हो चुके हैं गिरफ्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के संगठित नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी नीरज पाहुजा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ग्राहकों से दांव लगवाने वाले गिरोह का सदस्य था। इस मामले में पुलिस पूर्व में उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि घटना के बाद से नीरज फरार चल रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस ने व्यापार विहार स्थित छोटी पार्किंग के पास दबिश देकर आयुष अग्रवाल उर्फ आकाश निवासी विनोबा नगर, तारबाहर को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए पकड़ा था। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी प्रकाश पंजवानी, सैफी सलूजा, रोहित पंजवानी और अन्य लोगों के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा पट्टी संचालित करने की जानकारी दी थी। गिरोह के सदस्य व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ग्राहकों को जोड़कर रुपये का दांव लगवाते थे।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आयुष अग्रवाल, प्रकाश पंजवानी, सैफी सलूजा और रोहित पंजवानी को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, प्रकरण में तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ ही फरार आरोपी नीरज पाहुजा की तलाश की जा रही थी।

इसी दौरान 26 नवंबर 2026 को पुलिस को नीरज पाहुजा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा पट्टी खिलाने और खेलने में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी नीरज पाहुजा (30 वर्ष), पिता धनेन्द्र पाहुजा, निवासी जूना बिलासपुर, गांधी चौक के पास, थाना सिटी कोतवाली को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामला अपराध क्रमांक 35/2026, धारा 7(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं 112 बीएनएस के तहत दर्ज है। सिविल लाइन पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े एक और आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।

