29-मई,2021
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर योग आयोग द्वारा कोविड-19 संक्रमण से उपचारित यथा भौतिक चिकित्सा से स्वस्थ हुए व्यक्तियो, होम आइसोलेशन एवं क्वारेनटाइन में रह रहे व्यक्तियों, उनके परिवारों के सदस्यों, वैक्सीन का प्रथम डोज ले चुके व्यक्तियों एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित जन सामान्य में कोविड-19 संक्रमण के प्रभावों को कम करने एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से वर्चुअल योगाभ्यास एवं योग परामर्श कार्यक्रम का आयोजन 31 मई 2021 से किया जायेगा। अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस से शुरू हो रहे इस कार्यक्रम की अवधि 1 वर्ष की होगी। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन वर्चुअल माध्यम से दो चरणों में किया जायेगा।
प्रथम चरण में राज्य संसाधन एवं पुनर्वास केन्द्र माना कैम्प रायपुर में स्थापित रिकाडिंग रूम में छ.ग. योग आयोग के प्रशिक्षक एवं समाज कल्याण विभाग से संबंध फिजियोथेरैपिस्ट प्रत्यक्ष उपस्थित होकर पूर्वान्ह 6 से 7 बजे तक एवं अपरान्ह 6 बजे से 7 बजे तक दो पालियों में योगाभ्यास एवं ब्रिदिंग का अभ्यास कराएंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण छत्तीसगढ़ योग आयोग के फेसबुक पेज तथा यू ट्यूब चैनल में इसका लाइव प्रसारण किया जायेगा। योगाभ्यास समाप्त होने के पश्चात् वीडियो स्वतः ही फेसबुक एवं यू-ट्यूब चैनल में अपलोड हो जायेगा। जिसे जन सामान्य द्वारा किसी भी समय अवलोकन किया जा सकता है।
द्वितीय चरण में योग प्रशिक्षक, व्यक्तियों को अपने घरों से ही जूम एप्प, गुगल मीट, सीस्को वेबएक्स आदि आनलाइन एप्प के माध्यम से लाइव योगाभ्यास कराएंगे। कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु आम नागरिकों को ऑनलाईन पंजीयन कराना होगा। आनलाईन पंजीकृत आम नागरिकों में से लिंग, आयु वर्ग के अनुसार वर्गीकृत व्यक्तियों को आयोग के योग प्रशिक्षक 5 से 10 अथवा इससे अधिक व्यक्तियों के समूह बनाकर वर्चुअल योगाभ्यास कराएंगे। योग प्रशिक्षण की अवधि 45 मिनट की होगी, जिसमें व्यक्ति अपने योग प्रशिक्षक से योगाभ्यास एवं योग परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।
आम नागरिकों से आग्रह है कि अधिकाधिक संख्या में वर्चुअल योगाभ्यास एवं योग परामर्श कार्यक्रम में सम्मिलित होकर योग प्रशिक्षण के माध्यम से कोविड-19 संक्रमण के प्रभावों को कम करने एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से सहभागी बनें।

