राहुल से फिर मिले सीएम बघेल
मोर्चे पर डटे हैं सिंहदेव मंत्रियों, विधायकों ने डाला डेरा!
27-अगस्त 2021
नई दिल्ली-{जनहित न्यूज़}
नई दिल्ली छत्तीसगढ़ कांग्रेस के भीतर सत्ता संघर्ष की खबरों के साथ उठे सियासी तूफान से यहां पार्टी के आला दरबार में अंधड़ सी चल रही है। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव मोर्चे पर डटे हुए हैं तो आलाकमान के बुलावे पर सीएम भूपेश बघेल एक हफ्ते में दूसरी बार पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने वाले हैं। यह खास मुलाकात शाम 4 बजे संभावित है। इस बीच छत्तीसगढ़ के मंत्रियों, विधायकों और सांसदों ने भी डेरा डाल दिया है। खबर है कि इन्होंने छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया से मुलाकात कर उन्हें अपनी भावना से अवगत कराया है। मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी विधायक श्री पुनिया के निवास पर पहुंचे। उनसे मुलाकात के बाद ये महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाक़ात करेंगे। बताया जा रहा है कि पार्टी विधायक कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गाँधी वाड्रा सहित कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। जबकि दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कल कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल का संदेश आया था। आज राहुल गांधी से मुलाकात हो सकती है। उनके निर्देश पर मैं दिल्ली जा रहा हूं। पार्टी विधायकों के दिल्ली जाने के बारे में उन्होंने कहा कि मुझे ऑफिसियल कोई जानकारी नहीं है। श्री बघेल ने कहा कि जब हम सत्ता में नहीं थे तब भी जनता के साथ थे और सत्ता में आने के बाद भी हम जनता के साथ हैं। आम जनता, किसान सारे लोग महसूस करते हैं कि यह सरकार हमारी सरकार है। इस बीच छत्तीसगढ़ की सियासी सरगर्मी को शांत करने के प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राहुल गांधी की मुलाकात के बाद क्या तस्वीर सामने आती है, उसका बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। वैसे उम्मीद जताई जा रही है कि कांग्रेस आलाकमान जल्द ही इस उथलपुथल को शांत करने कोई समाधान निकाल लेगा।

