स्कूल बसों की होगी नियमित जाॅच जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
20-सितम्बर 2021
मुंगेली से फलित जांगडे की रिपोर्ट-
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उन्होने विगत बैठक का पालन प्रतिवेदन एवं पूर्व में चिन्हित ब्लैक स्पाॅट के सुधार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने जिले में स्कूल बसों के संख्या और उनके संचालन के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी प्राप्त की। बैठक में उन्होने कहा कि स्कूली बसो का संचालन निर्धारित मानको के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होने कहा कि स्कूल बसो का संचालन निर्धारित मानको के अनुरूप नहीं होने पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए उन्होने स्कूल बसो की नियमित जाॅच करने और निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन नहीं करने वाले स्कूल बसों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं सजगता उन्नयन कार्यक्रम के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की और उन्होने विद्यार्थियों के लिए स्कूलो में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं सजगता उन्नयन कार्यक्रम प्रारंभ करने के निर्देश दिये। इसी तरह उन्होने चिन्हाकित ब्लैक स्पाॅट के संबंध में जानकारी प्राप्त की और चिन्हाकित ब्लैक स्पाॅट (दुर्घटना जन्य क्षेत्र) में साईन बोर्ड (चेतवानी संकेतक), सड़क के दोनो ओर रोड़ मार्किंग व केटस आई लगाने, सड़क किनारे पेड़ो पर रिफ्लेक्टर लगाने और संकरे पुल का मरम्मत कराने के निर्देश दिये। इसी तरह उन्होने तय गति सीमा से तेज वाहन चालन तथा शराब अथवा मादक द्रव्य के सेवन कर वाहन चालन एवं वाहन चलाते समय वाहन से मोबाईल फोन पर बात करने तथा दो पहिया वाहनो पर दो से अधिक सवारी होने पर मोटरयान नियमों के तहत कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इसी तारतम्य में दुर्घटना जन्य क्षेत्र में घायल व्यक्ति को आगे आकर स्व विवेक से तत्काल हाॅस्पिटल पहुॅचाने वाले व्यक्ति को उचित पुरस्कार देने के भी बात कहीं गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री डी.आर आंचला, जिला पंचायत के मुख्य कार्य पालन अधिकारी श्री रोहित व्यास, अपर कलेक्टर श्री राजेश नशीने, संयुक्त कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और जिला परिवहन अधिकारी सहित समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।

