ट्रेक्टर ट्राॅली योजना से श्री तंवर के जीवन में आई खुशहाली
30-अक्टूबर 2021
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर विकासखण्ड कोटा के ग्राम कोनचरा निवासी बलभद्र सिंह तंवर का मुख्य पेशा कृषि है। प्रत्येक वर्ष इन्हें कृषि कार्य जैसे खेतों की जुताई के लिए किराये के ट्रेक्टर पर निर्भर रहना पड़ता था। इसके लिए इन्हें काफी राशि खर्च करनी पड़ती थी। खेती किसानी से होने वाली आमदनी का कुछ हिस्सा हर वर्ष खेतों की जुताई में ही चला जाता था। उन्हें अपने किसी परिचित व्यक्ति से अंत्याव्यसायी योजना द्वारा संचालित ट्रेक्टर ट्राॅली योजना की जानकारी मिली। श्री तंवर ने जिला अंत्याव्यसायी कार्यालय में ऋण आवेदन हेतु आवश्यक दस्तावेज, चयन प्रकिया, जमानती दस्तावेज, ब्याज दर, ऋण पुर्नभुगतान आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। श्री तंवर को जिला अंत्याव्यसायी विभाग द्वारा संचालित अ.ज.जा. ट्रेक्टर ट्राॅली योजना अन्य फाईनेंस संस्थाओं की अपेक्षा सर्वाधिक किफायती एवं सुविधाजनक महसूस हुई। उन्होंने बिना देर लगाये ही अपना ऋण आवेदन कार्यालय में प्रस्तुत कर दिया। समस्त ऋण वितरण संबंधी प्रकियाओं को पूर्ण करने के पश्चात् श्री तंवर को ट्रेक्टर ट्राॅली के लिए 9 लाख 8 हजार रूपए की ऋण राशि मिली। पहले श्री तंवर को 80 हजार रूपये वार्षिक आमदनी होती थी लेकिन ट्रेक्टर ट्राॅली लेने के उपरांत अब 2 लाख रूपए की वार्षिक आमदनी हो रही है। आमदनी बढ़ने से उनकी पारिवारिक स्थिति भी अच्छी हो गई है।

