सिटी बस सुविधा शुरू करने की मांग को लेकर आज़ाद मंच का सात दिनों से धरना जारी प्रशासन मौन !
21 दिसंबर 2021
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर वासियों की सस्ती सवारी सिटी बस को पुनः शुरू करने की मांग अब आंदोलन में तब्दील होने जा रही है। और इस आंदोलन का बिगुल फुकने की घोषणा और तिथि का ऐलान आज़ाद मंच ने अपने दिए अल्टीमेटम के अनुसार करदिया है।
ज्ञात हो कि विगत 14 दिसंबर को आज़ाद मंच द्वारा सिटी बस पुनः शुरू करने हेतु आग्रह पत्र नगरनिगम आयुक्त जो कि बस संचालन करने वाली सोसायटी के सचिव हैं उन्हें सोसायटी के अध्यक्ष एवं बिलासपुर कलेक्टर के नाम सौंपा था। जिसमे की 7 दिवस में जनता की इस तकलीफ के निवारण हेतु उचित कदम उठाने निवेदन किया गया था साथ ही 7 दिवस उपरांत आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी। सिटी बस की मांग को अब जहाँ 7 दिन बीतने पर भी प्रशासन द्वारा कोई कदम न उठाते हुए मौन धारण किया गया है तो आज़ाद मंच ने अपने अल्टीमेटम के अनुसार ही 7 दिवस के बाद आंदोलन की घोषणा विधिवत तरीके से करदी है। आज़ाद मंच द्वारा 22 तारीख़ से जनता की सस्ती सवारी,सिटी बस शुरू करने हेतु आंदोलन का आगाज़ करने अनोखा धरना देने का निश्चय किया है। जो कि 24 घण्टे अनवरत जारी रहेगा। 22 तारीख़ को दोपहर 12 बजे से आज़ाद मंच प्रमुख विक्रान्त तिवारी के नैतृत्व में मंच के तमाम पदाधिकारी धरने पर बैठेंगे। धरना 24 घण्टे तक चलेगा जिसके पश्चात सभी धरना स्थल से 23/12/21 को दोपहर 12 बजे उपरांत कलेक्टर बिलासपुर एवं अध्यक्ष शहरी सार्वजनिक यातायात सोसायटी बिलासपुर को
ज्ञापन देने जाएंगे।
जानकारी देते हुए आज़ाद मंच के कार्यक्रम प्रभारी सुनील वर्मा ने कहा कि हम गाँधी जी के दिखाए मार्ग पर शांतिप्रिय तरीके से ये धरना देंगे। जो कि प्रदेश और बिलासपुर के इतिहास का पहला आंदोलन होगा जिसमें अनवरत 24 घण्टे धरना दिया जाएगा। बिलासपुर का तापमान रात में 10 डिग्री से भी नीचे गिर जाता है ऐसे कड़ाके की ठंड में आज़ाद मंच प्रमुख विक्रान्त तिवारी के साथ सभी आज़ाद मंच के साथी धरना देकर अपना विरोध दर्ज करवाएंगे। आज़ाद मंच प्रमुख विक्रान्त तिवारी ने कहा कि बन्द कमरे में बैठे अधिकारियों और कमरे में सो रहे जिम्मेदार लोगों को नींद से जगाने और आम जनता की तकलीफ से अवगत करवाने बिलासपुर की आम जनता के प्रतिनिधि के रूप में आज़ाद मंच के हम सभी साथी अपने घरों से दूर सड़क पे खुले आसमान के नीचे इस भरी ठंड में धरना देकर उन सभी लोगों को ये बताना चाहते हैं कि आम जनता की तकलीफ को अनदेखा करना अब बन्द करें जनता के हित् में ज़मीनी लड़ाई लड़ने आज़ाद मंच हर तकलीफ सह कर भी डटा रहेगा और हम जनता को सस्ती सिटी बस की सवारी दिलवा कर रहेंगे।
आज़ाद मंच के मीडिया प्रभारी सुब्रत जाना ने जानकारी देते हुए बताया कि, 22 तारीख को नेहरू चौक पे 12 बजे धरने के आगाज़ किया जाएगा। इस आजाद मंच पे सभी बिलासपुरवासी आम और खास सभी आमंत्रित हैं। आंदोलन में आज़ाद मंच प्रमुख पूरे 24 घण्टे धरने में बैठेंगे साथ ही सिटी बस जहाँ जहाँ तक चलती थी वहां से भी आज़ाद मंच के साथी धरने में हिस्सा लेंगे जैसे कोटा, रतनपुर, खूंटाघाट, तखतपुर, कोनी, बिल्हा के साथी दिन भर समय समय पर धरने में शामिल होते रहेंगे। 24 घण्टे उपरान्त धरना स्थल से ज्ञापन देने जाना तय किया गया है। जिसके पूर्व मंच से ही आगे की रणनीति की घोषणा की जाएगी।उक्त धरने की जानकारी शासन को विधिवत तरीके से दी जा चुकी है।


