देशी पिस्टल के साथ युवक को सिविल लाइन पुलिस ने धर-दबोचा
22 फ़रवरी 2022
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
आज का युवा वर्ग महज प्रसिद्धि हासिल करने के लिए येन केन हथकंडे अपना रहा है चाहे वो फिर वेध हो या अवैध उसको तो बस प्रसिद्धि चाहिए और ऐसे में वो ये भूल जाता है कि पुलिस नाम की भी कोई चीज है जो कि उड़ते परिंदे के भी पर गिन लेती और हुआ भी कुछ इस तरह मामला आज प्रकाश में आया।

सिविल लाइन थाना अंतर्गत सिविल लाइन पुलिस ने देशी पिस्टल बेचने की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहे मस्तूरी के एक युवक को हथियार समेत 6 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। एएसपी सिटी उमेश कश्यप ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सिविल लाइन पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति महाराणा प्रताप चौक भट्टी के पास घूम-घूम कर अपने मोबाइल में पिस्टल की फ़ोटो दिखाकर बिक्री करने ग्राहक की तलाश कर रहा है।

जिसके बाद टीआई जेपी गुप्ता और उनकी टीम ने मौके पर जाकर अंकित कुमार साहू निवासी पाराघाट मस्तूरी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को युवक के पास रखा एक देशी पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस मिला। वही उसके मोबाइल में देशी पिस्टल की फोटो मिली जिसे दिखा के वह हथियार बेचने ग्राहक की तलाश कर रहा था।

ज्ञात हो कि पूर्व में भी सिविल लाइन टी आई ने एक ऐसे ही युवक को गिरफ्तार किया था जिसने सोशल मीडिया पर देशी कट्टे के साथ फोटो पोष्ट की थी और आज उसी तर्ज पर आरोपी को देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

