साफ हुआ पुराना यूरिनल बना पार्किंग स्थल सदर बाजार में यातायात सुधारने सराफा एसोसिएशन ने संभाली कमान
सड़क से अतिक्रमण हटाने की अपील…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के सेवा संकल्प अभियान के 21वें दिन सेवा, स्वच्छता और जनसुविधा की अनूठी पहल देखने को मिली। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अभियान के कार्यक्रम अध्यक्ष कमल सोनी के जन्मदिन के अवसर पर सदर बाजार-खापरगंज मार्ग पर पार्किंग की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। खापरगंज स्कूल के पास लंबे समय से अनुपयोगी पड़े पुराने यूरिनल क्षेत्र की साफ-सफाई कर उसे व्यवस्थित किया गया और शाम को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित कर आम नागरिकों एवं व्यापारियों को समर्पित किया गया।
कमल सोनी ने रिबन काटकर नवनिर्मित पार्किंग व्यवस्था का शुभारंभ किया। इस दौरान सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी-सदस्य, स्थानीय व्यापारी एवं क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे। पहल का उद्देश्य सदर बाजार-खापरगंज मार्ग पर बेतरतीब पार्किंग को कम करना और बाजार में आने वाले व्यापारियों व आम नागरिकों के लिए आवागमन को सुगम बनाना है।
जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाने का संदेश-:

कमल सोनी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस पहल ने सेवा संकल्प अभियान के मूल उद्देश्य को भी सार्थक किया। एसोसिएशन ने स्पष्ट संदेश दिया कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसर को भी समाज और शहर की सुविधा से जोड़कर सार्थक बनाया जा सकता है। स्वच्छता से लेकर पार्किंग और यातायात व्यवस्था तक छोटे-छोटे प्रयासों के जरिए शहर की बड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है।
सदर बाजार में व्यापारियों से सीधा संवाद, सड़क कराई व्यवस्थित।
इसी क्रम में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन की टीम ने सदर बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। सड़क पर यातायात में बाधा बन रहे वाहनों तथा दुकानों के बाहर सड़क तक फैली सामग्री को लेकर संबंधित व्यापारियों से सीधे संवाद किया गया। आवश्यक कार्रवाई करते हुए रास्ते को व्यवस्थित कराया गया।
एसोसिएशन ने व्यापारियों से अपील की कि वे दुकानों का सामान सड़क तक न फैलाएं और वाहनों की पार्किंग भी इस तरह करें, जिससे आम नागरिकों के आवागमन में बाधा न आए। व्यापारियों से ग्राहकों और आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया।
‘सेवा संकल्प केवल कार्यक्रम नहीं, समस्या के समाधान का प्रयास’
इस अवसर पर कमल सोनी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल आयोजन और कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य शहर की वास्तविक समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान की दिशा में छोटे लेकिन प्रभावी और स्थायी प्रयास करना है। पार्किंग और यातायात की समस्या व्यापारियों के साथ आम नागरिकों से भी जुड़ी है। इसके समाधान के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जहां भी भविष्य में उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा, वहां जनसुविधा और व्यवस्थित पार्किंग की आवश्यकता को देखते हुए ऐसे प्रयास जारी रखे जाएंगे। व्यापारिक क्षेत्रों में स्वच्छता, यातायात अनुशासन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सराफा एसोसिएशन व्यापारियों और प्रशासन के साथ मिलकर निरंतर काम करेगा।

जन्मदिन पर मिला शुभकामनाओं का स्नेह-:
कार्यक्रम के दौरान सराफा समाज के सदस्यों और स्थानीय व्यापारियों ने कमल सोनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही सेवा, स्वच्छता और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे आयोजित किया जा रहा है। अभियान के आगामी कार्यक्रमों में नागरिकों एवं व्यापारियों को सादर आमंत्रित किया गया है।

