सुरक्षित गर्भपात को लेकर महिलाओं को दी वैज्ञानिक जानकारी…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस के अवसर पर शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय, बिलासपुर में अध्ययनरत एम.एससी. नर्सिंग की छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित गर्भपात, गर्भपात की विभिन्न विधियों तथा इससे संबंधित आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में छात्राओं ने सुरक्षित गर्भपात के महत्व, आवश्यक सावधानियों तथा समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के संबंध में जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को भ्रांतियों से दूर रहने तथा प्रमाणित स्वास्थ्य संस्थानों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों से परामर्श लेने के लिए जागरूक किया गया।

इस अवसर पर सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि सुरक्षित गर्भपात के संबंध में सही और वैज्ञानिक जानकारी महिलाओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद जरूरी है। जागरूकता के माध्यम से गर्भपात से जुड़ी गलत धारणाओं को दूर किया जा सकता है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि महिलाओं को किसी भी स्वास्थ्य समस्या में देरी किए बिना योग्य चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता रमन जोगी ने कहा कि सुरक्षित गर्भपात के लिए सही समय पर चिकित्सकीय सलाह और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी की देखरेख आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार के असुरक्षित उपाय से बचने की अपील की।
कार्यक्रम का आयोजन शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वर्तिका गौरहा के मार्गदर्शन में किया गया। ओबीजी विभाग की सहायक प्राध्यापक श्रीमती सलमा खान, प्रदर्शक श्रीमती रेश्मा एक्का तथा एम.एससी. नर्सिंग की छात्राओं ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में नर्सिंग अधीक्षक स्वाती कुमार के साथ सरिता बहादुर, उज्ज्वला दास, नमिता वानी, राजकुमारी चौहान, पिंकी दास, सविता यादव, प्रभा सिन्हा, शीट कुर्रे, सुषमा तिर्की, माया, नीलिमा सिंह एवं मनोरमा लकरा सहित सिम्स के मेडिकल, नर्सिंग एवं अन्य कर्मचारी तथा मरीज व उनके परिजन उपस्थित रहे।

