रेस्क्यू कर महिला को सुरक्षित नीचे उतारा…
ऊपर चढ़ने की वजह अब भी रहस्य…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] तखतपुर के पुराना बस स्टैंड इलाके में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला देखते ही देखते करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को इतनी ऊंचाई पर देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हर किसी की नजर टावर पर बैठी महिला पर टिकी रही।
टावर पर पहुंची महिला, नीचे मचा हड़कंप-:
महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने महिला को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। उसे लगातार नीचे आने की अपील की गई, लेकिन महिला फिलहाल किसी की बात मानने को तैयार नहीं बताई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने SDRF टीम को भी सूचना दी, जिसके बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर महिला को सुरक्षित नीचे उतारने की रणनीति बनाने में जुट गई।
दो दिन से इलाके में घूमती दिख रही थी महिला
स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित महिला पिछले दो दिनों से तखतपुर क्षेत्र में असामान्य अवस्था में घूमती नजर आ रही थी। लोगों ने उसकी मानसिक स्थिति को लेकर भी आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने महिला की मानसिक स्थिति को लेकर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
क्यों चढ़ी टावर पर? वजह बनी पहेली-:
महिला आखिर 100 फीट ऊंचे टावर पर क्यों चढ़ी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस की प्राथमिकता फिलहाल महिला को किसी भी तरह की अनहोनी से बचाते हुए सुरक्षित नीचे उतारना है। इसके बाद ही उसके टावर पर चढ़ने की वजह और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है, जबकि नीचे मौजूद लोगों की निगाहें लगातार टावर पर टिकी हुई हैं।

