राज्य स्तरीय विजिलेंस (सर्तकता) की 15 टीमे चलाएंगी व्यापक अभियान…
06 जुलाई 2023
बिलासपुर {जनहित न्यूज़}
बिलासपुर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड रायपुर ने बिलासपुर क्षेत्र के विभागीय संभागों में बिजली चोरी रोकने हेतु राज्य स्तरीय विजिलेंस (सर्तकता) की 15 टीमों द्वारा व्यापक अभियान चलाकर अनियमिता बरतने वाले उपभोक्ताओं के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई की गयी।
दिनांक 5 एवं 6 जुलाई को राज्य स्तरीय केन्द्रीय विजिलेंस टीम ने बिलासपुर क्षेत्र के नगर वृत्त एवं बिलासपुर वृत्त द्वारा नेहरूनगर जोन, तोरवा जोन, गोलबाजार जोन, सिरगिट्टी जोन, सरकंडा जोन, तिफरा जोन, बिल्हा, सकरी एवं चकरभाठा उपसंभाग अंतर्गत उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन की जांच की गई। मुख्य सर्तकता अधिकारी आई.एन. कैथवास के निर्देशानुसार उक्त दल का नेतृत्व वाय.के.मनहर अधीक्षण अभियंता केन्द्रीय सर्तकता विभाग रायपुर के नेतृत्व में किया जा रहा है। मनहर ने बताया कि विद्युत विभाग बिजली चोरी रोकने तथा लाईन लॉस में कमी लाने के उद्देश्य से निरंतर अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करेगा। साथ ही बिजली चोरी के प्रकरणों में त्वरित रूप से थानों में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। सर्तकता जांच में निर्धारित किए गए बिल के बकाया राशि की वसूली के लिए आवश्यक कार्यवाही कराई जाएगी।
बिलासपुर क्षेत्र के मुख्य अभियंता ए.के.धर ने बताया कि विजिलेेंस टीम द्वारा विद्युत कनेक्शन जांच के दौरान घरेलू कनेक्शन का उपयोग व्यावसायिक रूप से करने, बंद मीटर, निर्धारित भार से अधिक उपयोग करने, डायरेक्ट तथा बायपास करने वाले उपभोक्ताओं के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।

