दसरंगपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों को पिकअप ने मारी टक्कर जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस…!
बिलासपुर/तखतपुर-[जनहित न्यूज़] मुंगेली जिले के दसरंगपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व खाद्य मंत्री एवं मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी मुंगेली की ओर जा रहे एक पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों को जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान काल बनकर आई पिकअप:-
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। अधीन मोहले अपने दो साथियों बल्लू बघेल और गंगाराम के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए मुख्य मार्ग पर निकले थे। इसी दौरान मुंगेली की ओर जा रहे एक पिकअप वाहन ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि तीनों बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलते ही उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जरहागांव थाना प्रभारी के अनुसार, मृतकों की पहचान अधीन मोहले, बल्लू बघेल और गंगाराम के रूप में हुई है। अधीन मोहले, विधायक पुन्नूलाल मोहले के बड़े पिता के पुत्र बताए गए हैं।
जर्जर सड़क पर उठे सवाल, आखिर कब जागेंगे जिम्मेदार…?
इस दर्दनाक हादसे ने बिलासपुर से तखतपुर होते हुए मुंगेली तक जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर सड़क की जर्जर हालत को लेकर शिकायतें किए जाने के बावजूद सुधार नहीं होने की बात सामने आ रही है। खराब सड़क और अव्यवस्थित यातायात के बीच आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

हादसे में तीन लोगों की मौत ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। सवाल यह है कि सड़क की बदहाली दूर करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिम्मेदार विभाग आखिर कब ठोस कदम उठाएंगे…?
सीसीटीवी फुटेज से हादसे की जांच
पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे की परिस्थितियों और वाहन की भूमिका स्पष्ट हो सके। जनहित न्यूज़ तखतपुर से टेकचंद कारड़ा की रिपोर्ट…

