मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की अध्यक्षता में जिला अंधत्व निवारण समिति की हुई बैठक
14 जुलाई 2023
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] मोतियाबिंद मुक्त जिला बनाने के लिए बिलासपुर के सभी विकास खंडों में नेत्र सहायक अधिकारियों द्वारा गावों में शिविर और घर-घर सर्वे कर आंखों की जांच की जाएगी। इसमें मोतियाबिंद से ग्रसित मरीजों को शहर के अस्पतालों में लाकर निशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को सीएमएचओ कार्यालय में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित जिला अंधत्व निवारण समिति के बैठक में लिया गया। सीएमएचओ डॉ शुक्ला ने सभी नेत्र सहायक अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी गांव में जांच की जाए।

मोतियाबिंद से ग्रसित मरीजों की जानकारी जुटाने के बाद रेड क्रॉस समिति की सहायता से जिला अस्पताल में उनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन शुरू कराया जाए। इसके साथ ही स्कूली बच्चों के आंखों की जांच करने के भी निर्देश दिए हैं। जिन बच्चों के आंख की रोशनी कमजोर है उन्हें निशुल्क चश्मा वितरण करने भी कहा गया है।

बैठक के दौरान जिला नोडल अधिकारी डॉ अनिल श्रीवास्तव, अंधत्व निवारण के नोडल अधिकारी डॉ शुभा गढ़वाल, सहायक नोडल अधिकारी विजय प्रताप सिंह, नौशाद अहमद, सहित जिले के सभी नेत्र सहायक अधिकारी उपस्थित रहे।

