वायरल वीडियो और जांच रिपोर्ट के बाद शिक्षा विभाग सख्त…
प्रबंध समिति से 24 घंटे में मांगा कार्रवाई प्रतिवेदन…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] कोटा विकासखंड के अनुदान प्राप्त विद्यामंदिर प्राथमिक शाला, बेहरामुड़ा में पदस्थ सहायक शिक्षक चतरपाल सिंह राज के कथित अमर्यादित आचरण के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं सचिव को संबंधित शिक्षक के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई करने तथा 24 घंटे के भीतर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, शिक्षक के संबंध में प्राप्त शिकायतों, प्रारंभिक जांच प्रतिवेदनों तथा वायरल वीडियो के आधार पर 3 अक्टूबर को विद्यालयीन समय में शराब के नशे में विद्यालय परिसर में अभद्र एवं अमर्यादित आचरण किए जाने की पुष्टि होने का उल्लेख किया गया है।
मामले में शासकीय हाई स्कूल बेहरामुड़ा के प्राचार्य एवं संकुल शैक्षणिक समन्वयक द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों में शिक्षक पर प्रधानमंत्री के संबंध में भी आपत्तिजनक एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का उल्लेख किया गया है।
शिक्षा विभाग ने इस पूरे आचरण को शिक्षक की गरिमा और शासकीय आचरण के विपरीत बताते हुए शिक्षण संस्था की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाला माना है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित विद्यालय का प्रबंधन विद्यालय प्रबंध समिति के अधीन है। ऐसे में समिति को अनुदान प्राप्त संस्थाओं से संबंधित नियमों एवं शासकीय प्रावधानों के तहत तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
24 घंटे में कार्रवाई नहीं तो वेतन भुगतान रोकने की चेतावनी
जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रबंध समिति को निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई कर उसका पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का पालन नहीं होने की स्थिति में समस्त वेतन भुगतान की कार्रवाई रोकने की चेतावनी भी दी गई है। इसके लिए विद्यालय प्रबंध समिति को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद विद्यालयीन अनुशासन और शिक्षकों के आचरण को लेकर सख्त संदेश गया है। अब निगाहें विद्यालय प्रबंध समिति की आगामी कार्रवाई और प्रस्तुत किए जाने वाले प्रतिवेदन पर टिकी हैं।


