नारी शक्ति राष्ट्रसेवा और सामाजिक सहभागिता पर हुआ संवाद हर्षिता पांडे ने कहा…सेवा और समर्पण से मजबूत होगा समाज
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के ‘सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान’ के सप्तदश दिवस पर नारी शक्ति, राष्ट्रसेवा और सामाजिक सहभागिता को केंद्र में रखते हुए विशेष संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती की आरती और सामूहिक वंदेमातरम् गान से हुई। ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभावना से ओतप्रोत हो उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रजनीश सिंह, पूर्व विधायक बेलतरा एवं अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक तथा श्रीमती हर्षिता पांडे, पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग एवं सलाहकार राष्ट्रीय महिला आयोग रहीं। विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती सुधा शर्मा एवं उनकी टीम ‘सुधा प्रवाह’, श्रीमती रेखा पांडे एवं उनकी टीम, मसानगंज दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष नवीन रूपानी एवं टीम तथा मां शेरोवाली दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष विजय गुप्ता एवं टीम शामिल रहे। सराफा समाज की ओर से वरिष्ठ सराफा साथी श्रीमती पूनम अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

‘भारत माता’ की भावना में राष्ट्रसेवा का संदेश
श्रीमती हर्षिता पांडे ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के महत्व से की। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक चेतना की विशिष्टता है कि यहां देश को केवल राष्ट्र के रूप में नहीं, बल्कि ‘भारत माता’ के रूप में सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति सेवा, समर्पण और सम्मान की भावना सामाजिक जीवन को मजबूत आधार प्रदान करती है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश में हुए विकास और विभिन्न क्षेत्रों में आए परिवर्तनों से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।

उन्होंने कहा कि विकास केवल सरकारों के प्रयास से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता और सेवा भावना से भी गति प्राप्त करता है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से जुड़े सेवा कार्यों और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने सामाजिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
कमल सोनी की पहल को सराहा श्रीमती पांडे ने कार्यक्रम अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी की पहल की सराहना की।

उन्होंने कहा कि कमल सोनी की नीयत और नीति सोने की तरह स्पष्ट और मजबूत है, जिसके चलते सेवा संकल्प अभियान व्यापक स्तर पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में सेवा और जनभागीदारी की भावना को निरंतर विस्तार देने की आवश्यकता है।

सेवा, संवाद और सामाजिक सहभागिता को जोड़ने की पहल-:
मुख्य अतिथि रजनीश सिंह ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य और इसकी सामाजिक उपयोगिता पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर से प्रारंभ हुए सेवा कार्यों को कमल सोनी ने व्यापक स्वरूप देते हुए सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनसंवाद को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया है।

उन्होंने देश में हो रहे विकास और सामाजिक बदलाव से जुड़े विषयों पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से विकास की प्रक्रिया को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों से जनहित और सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पंकज पारेख, जितेंद्र सोनी, अजय सराफ (कार्यकारी अध्यक्ष), श्रीकांत पांडे (महासचिव), रौनक साव (कोषाध्यक्ष), यशवंत वर्मा, सूरज सोनी एवं शशांक स्वर्णकार सहित बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं क्रमबद्ध संचालन सुश्री अलंकृता मिश्रा ने किया। अंत में श्रीमती निहारिका त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, सामाजिक संस्थाओं, सराफा समाज एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

