कोई भ्रष्टाचारी मोदी से आंख नहीं मिला सकता…
03 अक्टूबर 2023
जगदलपुर-{जनहित न्यूज} जगदलपुर बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशाल आम सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर हमले बोले।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अपराध चरम पर है। हत्याओं के मामले में भी यह राज्य अग्रणी बन चुका है। इन मामलों में राजस्थान और छत्तीसगढ़ एक दूसरे से प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में विकास केवल पोस्टर, बैनर और कांग्रेस नेताओं की तिजोरी में ही दिखता है। झूठे प्रचार से लोगों की आंखों में यह घोटालेबाज सरकार धूल झोंक रही है। अब यह साफ हो गया है कि यह अत्याचारी सरकार जाने वाली है। मेरे कार्यक्रम से पहले बस्तर बन्द कांग्रेस के समर्थन पर हुआ है लेकिन कार्यक्रम में अपार भीड़ देखकर लोगों ने ही इसका जवाब कांग्रेस को दे दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नगरनार स्टील प्लांट पर यदि किसी का हक है तो वह बस्तर की जनता का, छत्तीसगढ़ के लोगों का है। आज जब इस प्लांट का लोकार्पण हो रहा है तो प्रदेश सरकार का कोई भी मंत्री, उप मुख्यमंत्री या मुख्यमंत्री यहां नहीं पहुंचे। मुझे मालूम है वो क्यों यहां नहीं आए। वो आ भी नहीं सकते। एक कारण तो यह है कि उन्हें उनकी सरकार जाने की चिंता सता रही है। दूसरा कारण यह है कि मोदी यहां आया हुआ है। कोई भ्रष्टाचारी मोदी से आंख नहीं मिला सकता। इसलिए वे लोग यहां नहीं आए। इस प्लांट से अब बस्तर ही नहीं, प्रदेश और देश के दूसरे हिस्से के लोगों को भी रोजगार मिलेगा। झूठी बातें फैलाकर अपनी तिजोरियां भरने वाले यह समझ लें कि युवाओं के, आप लोगों के सपने ही मेरा संकल्प है। पीएससी घोटालेबाज जाएंगे जेल पीएससी घोटाले को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी, पिछड़े और सामान्य वर्ग की नौकरियां यहां छीन ली गई है। यहां के कुछ अफसरों, नेताओं ने अपने बच्चों को ही सेट कर लिया है। लोगों का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आप कांग्रेस की सरकार बदलो,भाजपा की सरकार आएगी इनके लूट तंत्र को बंद किया जाएगा और पीएससी घोटाले की जांच होगी।

दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी। देश में अब कम ही राज्यों में कांग्रेस की सरकार है। जहां कहीं उनकी सरकार बनती है वहां ये लोग जमकर लूटपाट करते हैं लेकिन यह भी सत्य है जब एक बार उनकी सरकार जाती है तो कई साल तक नहीं आती।

