आरोपियों से सौ मोबाइल के साथ 500 सौ एक्टिव सिम जप्त…!
08 अगस्त 2024
रायपुर-[जनहित न्यूज़] महादेव सट्टा एप में ACB ने बड़ी कार्रवाई की है। अलग अलग राज्यों में छापामार कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों से सौ मोबाइल और 500 सिम जप्त किया गया है और सभी सिम एक्टिवेट है।
इसी तारतम्य में ब्यूरो को महादेव बुक मामले में एक महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि देश भर में चलने वाले पैनल से जुड़े हुए व्हाट्सअप नंबर अलग-अलग राज्यों में सेंटर बनाकर रखे गये हैं। इन सेंटरों को ओटीपी सेंटर के नाम से जाना जाता है। इन सेंटरों में फिजिकल सिम को रिचार्ज करने और ओटीपी प्राप्त करने के लिये रखा जाता है जबकि इन नंबर्स का व्हाट्सअप दुबई के हेड ऑफिस से ऑपरेट किया जाता है। इन नंबरों को महादेव बुक से जुड़े हुए अलग-अलग प्लेटफार्म जैसे रेड्डी अन्ना, फेयर प्ले, लोटस, लॉयन बुक, डायमंड बुक, सीबीटीएफ बुक, अंबानी बुक आदि के कस्टमर केयर नंबर के नाम से जाना जाता है। इन नंबरों के व्हाट्सअप में मैसेज करने से ऑटो जनरेटेड मैसेज प्राप्त होते हैं कि किस एकाउंट में पैसे डिपाजिट करने हैं ? कैसे सट्टा खेलने के लिये आईडी मिलेगी।
ब्यूरो ने इस संबंध में देश भर के 04 राज्यों बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ के दर्जन भर से अधिक सेंटर्स में एक साथ रेड कार्यवाही की गई। जहां से इस सिम एक्टिवेशन और ओटीपी ग्रुप से जुड़े हुए 03 आरोपी अतुल सिंह परिहार निवासी भिलाई, विश्वजीत राय चौधरी निवासी भिलाई तथा
भारत ज्योति पाण्डेय, निवासी ग्राम मंगीतपुर, जिला रोहतास, बिहार को गिरफ्तार किया गया। इनसे 100 से अधिक मोबाईल, लैपटॉप एवं 500 से अधिक सिम जप्त किये गये हैं।

सभी सिम देश भर में चल रहे लगभग 500 पैनलों से जुड़े हुए हैं। सिम मिलने से ब्यूरो को इन सभी पैनल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। आरोपियों ने ऊंची कमीशन पर कार्पोरेट बैंक खाते (ऐसे बैंक खाते, जिनमें अनलिमिटेड यूपीआई पेमेंट हो सकते हैं) भी दिये जाते थे। यह महादेव बुक के खिलाफ इस प्रकार की पहली कार्यवाही है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। इनसे पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण खुलासा किये जाने की सम्भावना है। प्रकरण में पूछताछ एवं अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।

