कमिश्नर प्रकाश सर्वे के नेतृत्व में निगम दफ्तरों विकास भवन से जोन कार्यालयों तक कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर नगर निगम बिलासपुर ने स्वच्छता को लेकर एक दिन के अभियान तक सीमित रखने के बजाय कार्यस्थलों को भी स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की पहल की है। ‘स्वच्छता की शुरुआत घर से’ थीम के तहत स्वच्छता दिवस के एक दिन पूर्व निगम के विकास भवन, स्मार्ट सिटी कार्यालय सहित सभी जोन कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुबह 7 बजे से विशेष सफाई अभियान चलाया।

दीवारों के जाले हटे, फाइलें सजीं…निगम दफ्तरों में चला स्वच्छता का महाअभियान
विकास भवन से जोन कार्यालयों तक कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा, स्वच्छ-सुव्यवस्थित कार्यस्थल बनाने पर जोर
नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर आयोजित अभियान में कार्यालयों की नियमित सफाई के साथ लंबे समय से रखी फाइलों और अनुपयोगी सामग्री को व्यवस्थित करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। विभाग प्रमुखों, अधिकारियों, कर्मचारियों और जोन कमिश्नरों ने स्वयं सफाई कार्य में भाग लिया।

अभियान के दौरान कार्यालयों के कमरों, गलियारों, सीढ़ियों, खिड़कियों और दीवारों की विशेष सफाई की गई। दीवारों पर लंबे समय से जमे जाले और धूल-मिट्टी हटाई गई। फर्नीचर, पंखे, कूलर, फर्श, आलमारी सहित अन्य स्थानों की भी सफाई की गई। वर्षों से रखी फाइलों को धूल से मुक्त कर उनका व्यवस्थित संधारण किया गया, ताकि जरूरी दस्तावेज आसानी से उपलब्ध हो सकें।
कार्यालयों के साथ आसपास का परिसर भी हुआ चकाचक-:
सफाई अभियान केवल कार्यालय के भीतर तक सीमित नहीं रहा। विकास भवन, स्मार्ट सिटी कार्यालय और सभी जोन कार्यालयों के आसपास के परिसरों की भी सफाई की गई। अनावश्यक एवं अनुपयोगी सामग्री को अलग कर व्यवस्थित किया गया, जिससे कार्यालय परिसर अधिक स्वच्छ और सुव्यवस्थित नजर आया।

नगर निगम द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निगम प्रशासन ने स्वच्छता का दायरा सार्वजनिक स्थानों से आगे बढ़ाकर कार्यालयों और कार्यस्थलों तक पहुंचाया है। अभियान का उद्देश्य कर्मचारियों को स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के साथ नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना है।

निगम प्रशासन का संदेश स्पष्ट है।
स्वच्छ शहर की शुरुआत केवल सड़कों से नहीं बल्कि हर घर और हर कार्यस्थल से होती है।

