गणतंत्र दिवस पर पूर्व मंत्री, विधायक अमर अग्रवाल बोले..सूझबूझ त्वरित निर्णय अथक प्रयासों से पुलिस कर्मियों ने कई लोगों की बचाई जान…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] 26 जनवरी
विगत हुई एक दुःखद घटना ग्राम धमनी स्थित कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट में 9 जनवरी को हुए एश सायलो हादसे में 40 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री और विधायक अमर अग्रवाल ने मुंगेली जिला दंडाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में इन कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी कर्तव्यनिष्ठा और साहस को सराहा।

सम्मानित होने वालों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली नवनीत कौर छाबड़ा, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पथरिया नवनीत पाटिल, थाना सरगांव प्रभारी संतोष कुमार शर्मा, सहायक उप निरीक्षक अजय चौरसिया, प्रधान आरक्षक अजय दुबे, अशोक कौशिक, आरक्षक राहुल यादव, रामू निषाद, और भालेश्वर शामिल थे।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान इन अधिकारियों ने अपनी सूझबूझ, त्वरित निर्णय क्षमता और अथक प्रयासों से कई लोगों की जान बचाई। मुख्य अतिथि ने कहा, “इन अधिकारियों और कर्मचारियों ने कर्तव्य और सेवा का अद्भुत उदाहरण पेश किया है। इनका समर्पण समाज के लिए प्रेरणादायक है।”

यह सम्मान समारोह न केवल इन बहादुर कर्मियों के साहस को मान्यता देता है, बल्कि समाज में कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को प्रोत्साहित करता है।

