बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल सिम्स में इलाज के दौरान मौत सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा फुटेज में नंबर स्पष्ट नहीं सरकंडा पुलिस स्कूटी सवारों की पहचान में जुटी…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सरकंडा के नूतन चौक पर तेज रफ्तार स्कूटी की टक्कर ने एक बुजुर्ग की जिंदगी छीन ली। सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय धांधू कुर्मी को दो लोगों को लेकर आ रही स्कूटी ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सिर के बल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्कूटी सवार मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। अब पुलिस फुटेज के आधार पर स्कूटी सवारों की पहचान करने में जुटी है।
ऑटो से उतरकर सड़क पार कर रहे थे बुजुर्ग, तभी हुआ हादसा-:
घटना शुक्रवार दोपहर करीब पौने दो बजे की है। नूतन चौक स्थित अटल आवास निवासी धांधू कुर्मी ऑटो से उतरने के बाद सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान दो लोगों को लेकर आ रही स्कूटी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बुजुर्ग सड़क पर सिर के बल गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए उन्हें सिम्स पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
सीसीटीवी में कैद हुई टक्कर, नंबर पहचानने में परेशानी-:
हादसे के बाद स्कूटी सवारों का मौके से फरार हो जाना पुलिस जांच का अहम बिंदु बन गया है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दुर्घटना का दृश्य कैद हुआ है। हालांकि, कैमरे की दूरी और फुटेज की खराब गुणवत्ता के कारण स्कूटी का नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है। फुटेज में टक्कर के बाद दोनों सवार मौके से जाते दिखाई दे रहे हैं।

सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के मुताबिक, पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी सवारों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
नूतन चौक पर पैदल चलना भी जोखिम भरा, व्यवस्था पर उठे सवाल-:
इस दर्दनाक हादसे ने नूतन चौक की यातायात व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त चौक पर सड़क पार करने वाले राहगीरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त और व्यवस्थित इंतजाम नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। सिविल इंजीनियर अनिल कौशिक के मुताबिक, सड़क की ऊंचाई में उतार-चढ़ाव, डिवाइडर में कट और व्यवस्थित जेब्रा क्रॉसिंग की कमी के कारण लोगों को सड़क पार करने में परेशानी होती है। उनका दावा है कि इस सड़क पर हर साल 50 से ज्यादा हादसे होते हैं।
हादसे के बाद ही जागेगा जिम्मेदार तंत्र…?
एक बुजुर्ग की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या नूतन चौक पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे? क्या यहां सुरक्षित पैदल पार-पथ, स्पष्ट जेब्रा क्रॉसिंग और बेहतर यातायात प्रबंधन की व्यवस्था होगी, ताकि लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क पार न करनी पड़े…?
धांधू कुर्मी की मौत केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यस्त सड़कों पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल भी है। अब देखना होगा कि इस हादसे के बाद जिम्मेदार विभाग व्यवस्था सुधारने के लिए पहल करते हैं या नूतन चौक पर किसी और हादसे का इंतजार किया जाएगा।

