घुरू अमेरी में 35 वर्षीय सत्यनारायण सूर्यवंशी की मौत परिजनों ने जताई हत्या की आशंका… आरोपियों पर कार्रवाई की मांग…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सकरी क्षेत्र के घुरू अमेरी में मारपीट की घटना के बाद घर लौटकर सोए 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चाय दुकान पर विवाद और कथित मारपीट के बाद युवक की अचानक मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं, जो उसकी मौत की वजह बनीं। परिवार ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर मारपीट में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग की है। शिकायत सिविल लाइन थाने में की गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चाय दुकान पर हुआ विवाद, मारपीट के बाद घर पहुंचा युवक-:
मिली जानकारी के अनुसार, घुरू अमेरी निवासी सत्यनारायण सूर्यवंशी, पिता शिवरतन सूर्यवंशी, उम्र 35 वर्ष का शुक्रवार को कुछ लोगों से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब तीन बजे गुटखा खाने के लिए चाय दुकान के पास पहुंचने पर उसका दुकान संचालक से विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई।
परिजनों के मुताबिक, मारपीट के बाद सत्यनारायण घर लौटा और अपने सिर तथा सीने में चोट लगने की बात बताई। इसके बाद वह आराम करने के लिए सो गया। परिवार के लोगों को अंदाजा भी नहीं था कि यह उसकी आखिरी नींद साबित होगी। कुछ समय बाद जब परिजन उसे जगाने पहुंचे, तो वह नहीं उठा।

जांच करने पर उसकी मौत हो जाने की जानकारी मिली। घर में अचानक मातम छा गया और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों का आरोप…
मारपीट में आई चोटें बनीं मौत की वजह
मृतक के बड़े भाई रामनारायण सूर्यवंशी ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान सत्यनारायण को गंभीर चोटें आई थीं और इन्हीं चोटों के कारण उसकी मौत हुई है। परिजनों ने घटना को गंभीर बताते हुए पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसका संबंध कथित मारपीट से है, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

