विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब ढोल-मांदर की थाप पारंपरिक स्वागत और माता के भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल दूसरे दिन टेकर से शुरू होगी यात्रा…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में माँ महामाया और श्री गिरजाबंध हनुमान लला के जयकारों से आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकाली जा रही भव्य धार्मिक ध्वजा यात्रा का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच हुआ। यात्रा के प्रथम दिवस केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल हुए। नवागांव से लेकर ओछिनपारा, सरवनदेवरी, लखराम, गड़वट, बाम्हू और टेकर तक ग्रामीणों ने ढोल-मांदर, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और जयकारों के साथ यात्रा का स्वागत किया। गांव-गांव में उमड़े श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।
हनुमान लला के दर्शन के बाद शुरू हुई यात्रा, गांव-गांव में हुआ स्वागत-:
ध्वजा यात्रा की शुरुआत श्री गिरजाबंध हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना और हनुमान लला का आशीर्वाद लेने के बाद हुई। यात्रा का पहला पड़ाव नवागांव रहा, जहां श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके बाद ओछिनपारा चौक में रतनपुर मंडल भाजपा के कार्यकर्ताओं ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। जय श्रीराम, जय माँ महामाया और जय गिरजाबंध हनुमान के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

यात्रा खैरखुंडी होते हुए सरवनदेवरी पहुंची। यहां सरपंच श्रीमती शकुंतला काछी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने ढोल-मांदर और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप के बीच श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इसके बाद लखराम में सरपंच और ग्रामीणों के साथ कैवर्त एवं धीवर समाज के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता निभाई। गड़वट और बाम्हू में भी ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक यात्रा का स्वागत किया। हर पड़ाव पर उमड़ी भीड़ और पारंपरिक उल्लास ने धार्मिक आयोजन की व्यापक जनभागीदारी को प्रदर्शित किया।
टेकर में माता के जगराते के साथ पहले दिन का समापन-:
ध्वजा यात्रा के प्रथम दिवस का समापन टेकर में माता के भव्य जगराते के साथ हुआ। सचिन तिवारी की टीम ने भक्ति संगीत और माता के भजनों की प्रस्तुति दी। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालु देर तक भक्ति के रंग में सराबोर रहे। जगराते के दौरान माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सुशांत शुक्ला बोले आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है यात्रा
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि ध्वजा यात्रा केवल ध्वजा लेकर चलने का आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता से जन-जन को जोड़ने का अभियान है।

माँ महामाया और श्री गिरजाबंध हनुमान लला के आशीर्वाद से प्रारंभ हुई यह यात्रा क्षेत्र की गौरवशाली धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
उन्होंने कहा कि नवागांव से लेकर ओछिनपारा, सरवनदेवरी, लखराम, गड़वट, बाम्हू और टेकर तक जिस तरह माताओं-बहनों, युवाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया, वह सामाजिक समरसता और जनएकता का उदाहरण है। कैवर्त एवं धीवर समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता दर्शाती है कि धार्मिक परंपराएं समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में बांधती हैं।
विधायक ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित जनप्रतिनिधियोंभाजपा कार्यकर्ताओं, सरपंचों, सामाजिक प्रतिनिधियों और ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रतनपुर स्थित माँ महामाया मंदिर में पवित्र ध्वजा अर्पित करना पूरे बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की सामूहिक आस्था और संकल्प का प्रतीक होगा।

तोखन साहू ने बताया धार्मिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने वाली पहल
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने ध्वजा यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि माँ महामाया और श्री गिरजाबंध हनुमान लला के आशीर्वाद से निकाली जा रही यह यात्रा सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और परंपराओं के संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल है। इस तरह के आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, धार्मिक सौहार्द और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि बेलतरा विधानसभा के विभिन्न गांवों में जिस उत्साह और आत्मीयता से यात्रा का स्वागत किया जा रहा है, वह क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी को दर्शाता है। ढोल-मांदर की थाप, माता के जयकारे और ग्रामीणों की सहभागिता लोकसंस्कृति की जीवंत पहचान हैं। उन्होंने कामना की कि माँ महामाया की कृपा से यह यात्रा क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी सद्भाव का संदेश लेकर आगे बढ़े।
दूसरे दिन टेकर से निकलेगी यात्रा, 14 पड़ावों से होकर पहुंचेगी भांड़ी
ध्वजा यात्रा के दूसरे दिन सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को टेकर से यात्रा आगे बढ़ेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा गिधौरी, नेवसा, उसराभांठा, जाली, बेलतरा, बेलपारा, सलखा, बरपाली, धोरामुड़ा, करमा, बसहा, गोपालपुर और भिल्ली होते हुए भांड़ी पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।

आगामी पड़ावों में भी ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ यात्रा के स्वागत की तैयारी है। आयोजकों के अनुसार यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और जनएकता का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाना है।
48 ग्राम पंचायतों से होकर रतनपुर में अर्पित होगी पवित्र ध्वजा:-
विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकाली जा रही यह ध्वजा यात्रा बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की लगभग 48 ग्राम पंचायतों से होकर गुजरेगी। यात्रा के अंतिम चरण में पवित्र ध्वजा माँ महामाया मंदिर, रतनपुर में अर्पित की जाएगी।

पहले दिन विभिन्न गांवों में मिले स्वागत और श्रद्धालुओं के उत्साह ने यात्रा को व्यापक जनभागीदारी वाला धार्मिक आयोजन बना दिया है। आने वाले दिनों में भी माँ महामाया और श्री गिरजाबंध हनुमान लला के जयकारों के साथ यह यात्रा आस्था, परंपरा, सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द का संदेश लेकर आगे बढ़ेगी।

