चेम्बर राज्य उपाध्यक्ष डॉ. नवदीप सिंह अरोड़ा व सचिव अनिल एल. वधवानी ने संयुक्त बयान जारी कर कलेक्टर को लिखा पत्र…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर में लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, बिलासपुर ने एक अहम कदम उठाते हुए जिले के सभी स्कूलों को तत्काल बंद करने की मांग की है। चेम्बर ने इस संबंध में आज बिलासपुर कलेक्टर को औपचारिक अपील पत्र भेजा है।
चेम्बर के राज्य उपाध्यक्ष डॉ. नवदीप सिंह अरोड़ा एवं राज्य सचिव अनिल एल. वधवानी ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि बिलासपुर में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस भयंकर गर्मी में स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर गहरा खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि गर्मी के कारण बच्चों को डिहाइड्रेशन, थकावट और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
चेम्बर ने जोर देते हुए कहा कि इस भीषण मौसम में स्कूलों का संचालन बच्चों के लिए अत्यंत जोखिम भरा है। प्रशासन से अपील की गई है कि वे स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल प्रभाव से सभी स्कूलों को बंद करने का निर्णय लें, जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता।
यह मांग न सिर्फ चेम्बर की ओर से, बल्कि क्षेत्र के हजारों अभिभावकों की साझा चिंता को भी दर्शाती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या फैसला लेता है।


