शिक्षिकाओं के साथ अध्यनरत बच्चों ने भी दी मनमोहक प्रस्तुतियां…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} ड्रीमलैंड स्कूल में आज हिंदी पखवाड़ा दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। आज के इस भव्य आयोजन में ड्रीमलैंड हायर सेकेंड्री स्कूल की प्राचार्या श्रीमती निवेदिता सरकार ने कार्यक्रम की शुरुआती चिरपरिचित अंदाज में अभिवादन करते हुए सभी छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षिकाओं को हिंदी दिवस की शुभकामनाए देते हुए कार्यक्रम को दिशा दी और फिर कार्यक्रम की पहली कड़ी की भूमिका निभाते हुए श्रीमती दिव्या सिंह द्वारा प्रस्तुत स्वरचित गीत हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है, जिसमें बहुत ही मिठास है, सबके मन को मोहने वाली और सबकी भावनाओं को समझने वाली भाषा हिंदी है” से हुई। गीत की पंक्तियों ने सभी के मन को छू लिया।
उन्होंने बताया कि हिंदी भाषा के जनक माने जाने वाले महापुरुषों ने इसे संवारने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हिंदी के चार मुख्य स्तंभ सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, जयशंकर प्रसाद, महादेवी वर्मा और रामधारी सिंह दिनकर हैं, जिन्होंने हिंदी साहित्य को समृद्ध और सशक्त बनाया।

कार्यक्रम में कक्षा छठवीं के बच्चों ने माखनलाल चतुर्वेदी की प्रसिद्ध कविता “मुझे तोड़ लेना बनमाली” का सुमधुर वाचन किया। इस कविता के माध्यम से फूल ने मातृभूमि पर अपने जीवन को समर्पित करने की इच्छा प्रकट की है, जो देशभक्ति की भावना को जीवंत करती है।

कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों ने रहीम और कबीर के दोहों का सुंदर पाठ प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसी क्रम में श्रीमती नीलमा दुबे ने हिंदी भाषा के जन्म और विकास की विस्तृत जानकारी बच्चों को दी।

इसके अतिरिक्त श्रद्धा ने अपनी एक छोटी और भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम में विशेष रंग भरा। पूरे कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ अपनी प्रस्तुतियों से हिंदी दिवस और हिंदी पखवाड़े के महत्व को उजागर किया। विद्यालय प्रांगण हिंदी की गूंज से सराबोर हो उठा और वातावरण गर्व तथा उल्लास से भर गया।

