ताबड़तोड़ एक्शन 87 प्रकरण दर्ज 1.60 लाख रुपये नगद जब्त जुआरियों में मचा हड़कंप…!
10 दिन में 331आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] त्योहार की आड़ में जुए के फड़ सजाने वालों के लिए मुंगेली पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है कि कानून से बचकर अवैध गतिविधियां चलाना अब आसान नहीं होगा। दीपावली पर्व के दौरान जुआ, सट्टा और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ ने महज दस दिनों में जुआरियों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है।
एसएसपी भोजराम पटेल की कार्यशैली की खासियत केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि पहले से रणनीति तैयार कर पूरे जिले की पुलिस को सक्रिय करना और कार्रवाई के परिणामों की प्रभावी मॉनिटरिंग करना है। इसी रणनीति के तहत जिले के आठ थानों और दो पुलिस चौकियों में एक साथ कार्रवाई का अभियान चलाया गया। नतीजा यह रहा कि 01 से 10 नवंबर 2026 के बीच पुलिस ने 87 प्रकरण दर्ज कर 331 जुआरियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे और जुआ फड़ों से 1 लाख 60 हजार 100 रुपये नगद तथा ताश की 52 पत्तियां जब्त की गईं।
दस दिनों में जिलेभर में पुलिस का शिकंजा
ऑपरेशन बाज के तहत मुंगेली पुलिस ने किसी एक क्षेत्र तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि पूरे जिले में एक साथ अभियान चलाकर जुआरियों को घेरने की रणनीति अपनाई।
कार्रवाई का थाना-वार आंकड़ा इस प्रकार है।
सिटी कोतवाली मुंगेली 27 प्रकरण, 100 आरोपी गिरफ्तार, 61,020 रुपये जब्त।
थाना लोरमी 15 प्रकरण, 57 आरोपी गिरफ्तार, 14,710 रुपये जब्त।
थाना जरहागांव 14 प्रकरण, 50 आरोपी गिरफ्तार, 14,250 रुपये जब्त।
थाना चिल्फी 07 प्रकरण, 27 आरोपी गिरफ्तार, 9,260 रुपये जब्त।
थाना फास्टरपुर: 04 प्रकरण, 14 आरोपी गिरफ्तार, 4,830 रुपये जब्त।
थाना सरगांव 04 प्रकरण, 12 आरोपी गिरफ्तार, 14,930 रुपये जब्त।
थाना पथरिया 03 प्रकरण, 14 आरोपी गिरफ्तार, 7,430 रुपये जब्त।
थाना लालपुर 07 प्रकरण, 26 आरोपी गिरफ्तार, 5,820 रुपये जब्त।
चौकी डिंडौरी 02 प्रकरण, 12 आरोपी गिरफ्तार, 23,380 रुपये जब्त।
चौकी साकेत 04 प्रकरण, 19 आरोपी गिरफ्तार, 4,470 रुपये जब्त।
एसएसपी की कार्यशैली में दिखा एक्शन और जवाबदेही का मेल-:

मुंगेली पुलिस की इस कार्रवाई में सबसे महत्वपूर्ण पहलू जिलेभर में एक साथ सक्रियता और परिणामोन्मुख पुलिसिंग का नजरिया रहा। एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में थाना और चौकी स्तर पर पुलिस की सक्रियता को अभियान का स्वरूप दिया गया। इसका असर यह हुआ कि जुए के अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश देकर बड़ी संख्या में लोगों को कानून के दायरे में लाया गया।
इस कार्रवाई ने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में खुली छूट नहीं दी जाएगी।
वैधानिक कार्रवाई, आगे भी जारी रहेगा अभियान-:

पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध ऑपरेशन बाज के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि जुआ और सट्टे जैसी गतिविधियों से दूर रहें तथा अपने आसपास ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
कुल मिलाकर, एसएसपी भोजराम पटेल के नेतृत्व में मुंगेली पुलिस का ऑपरेशन बाज केवल गिरफ्तारियों का आंकड़ा नहीं, बल्कि त्योहारों के बीच कानून का इकबाल बुलंद रखने की एक सख्त पुलिसिंग का उदाहरण बनकर सामने आया है।

