एस.पी. भोजराम पटेल की अध्यक्षता में आज हुआ कृष्ण जन्मोत्सव…
सैकड़ो की संख्या में उमड़ा जनसमूह…
मुंगेली-{जनहित न्यूज़} मुंगेली जिला पुलिस बल मुंगेली के शहीद एवं स्वर्गीय पुलिसकर्मियों की पावन स्मृति में पहली बार पुलिस परिवार के द्वारा श्रीमद् भागवत ज्ञान सप्ताह का भव्य आयोजन पुराने पुलिस लाइन, मुंगेली में किया जा रहा है। इस अनोखे और ऐतिहासिक आयोजन की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) स्वयं कर रहे हैं।

08 सितम्बर से 15 सितम्बर 2025 तक चल रहे इस आयोजन के तीसरे दिन, गुरुवार 11 सितम्बर को कथावाचक उमाकांत मिश्र एवं सूरज मिश्र (बरपाली, रायगढ़) द्वारा श्रीराम कथा, कृष्ण जन्मोत्सव, भक्त ध्रुव और प्रह्लाद चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया गया।

कथा के दौरान श्रद्धालु अध्यात्म में डूबकर भावविभोर हो उठे। विशेष आकर्षण रहा कृष्ण जन्मोत्सव, जिसमें पुलिस कॉलोनी के नन्हें बच्चों ने भगवान कृष्ण का रूप धारण कर जन्माष्टमी की लीलाओं का मंचन किया। इस दौरान पूरा परिसर जय-जयकार से गूंज उठा।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने न केवल कथा श्रवण किया, बल्कि पुलिस परिवार एवं श्रद्धालुओं के साथ भजनों पर नृत्य कर भावविभोर भी हुए। कथा उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और भोजन व्यवस्था का आनंद लिया।

कथावाचक द्वारा बताया गया कि श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण से कलयुग में मोक्ष प्राप्ति और पापों का नाश होता है। आयोजन के चौथे दिन कथा में बाल लीलाओं एवं गोवर्धन पूजा का वर्णन किया जाएगा।

यह पहल अपने आप में ऐतिहासिक और अद्वितीय है, क्योंकि जिले में पहली बार किसी पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पुलिस परिवार ने शहीद पुलिसकर्मियों के मोक्ष हेतु श्रीमद् भागवत ज्ञान सप्ताह का आयोजन किया है।

इस प्रयास ने मुंगेली पुलिस परिवार को न केवल धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से जोड़ा है, बल्कि शहीद पुलिसकर्मियों के त्याग को भी अमर कर दिया है।

