तीनों विजेताओं की कविताओं ने मंच पर बिखेरा जादू…मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीनों युवा कवयित्रियों को किया पुरुस्कृत…!
रायपुर-[जनहित न्यूज]
रायपुर-छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय युवा कवि सम्मेलन ने शनिवार को नई ऊंचाइयों को छू लिया।

प्रदेश के कोने-कोने से आए युवा कवियों की रचनात्मक ऊर्जा ने मंच को शब्दों की अग्नि और भावनाओं की बयार से भर दिया। प्रदेशभर से 1038 युवा कवियों की भागीदारी वाले इस भव्य आयोजन में बिलासपुर की निधि तिवारी ने प्रथम स्थान, बिलासपुर की मीरा मृदु ने द्वितीय तथा सरगुजा की अलीशा शेख ने तृतीय स्थान हासिल कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंच पर स्वयं उपस्थित होकर तीनों युवा कवयित्रियों को क्रमशः ₹50,000, ₹30,000 एवं ₹20,000 की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

भावों का महासंग्राम युवा कवियों की रचनाओं ने बांधा समा…
युवा कवि सम्मेलन का शुभारंभ छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर के स्वागत भाषण से हुआ।

उन्होंने कहा… छत्तीसगढ़ की धरती सिर्फ वीरों की नहीं, बल्कि कवियों की भी जन्मभूमि है। आज का दिन नई प्रतिभाओं के नाम है। तीनों विजेताओं की कविताओं ने मंच पर बिखेरा जादू…

निधि तिवारी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों और बेटियों की पीड़ा पर गूंजती रूपक कविता सुनाई।

मीरा मृदु ने छत्तीसगढ़ महतारी और रामायण प्रसंग को अद्भुत लय में पिरोया। अलीशा शेख ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा पर रचित काव्य से दिल जीत लिया। वरिष्ठ कवियों ने इन युवा कवियों की रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए कहा

छत्तीसगढ़ की धरती से अब ऐसी आवाज़ें उठ रही हैं जो देश का भविष्य बदलेंगी।
प्रख्यात कवियों ने जमाया रंग, श्रोताओं ने किया वाह-वाह का शोर…!

सम्मेलन में देशभर के मशहूर कवि शशिकांत यादव, दिनेश बावरा, नीलोत्पल मृणाल, कविता तिवारी और मनु वैशाली ने अपनी-अपनी कविताओं से सभागार को झकझोर दिया।

कभी हंसी, कभी आंसू, कभी गर्व हर रस का संगम बना यह कवि सम्मेलन देर रात तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

गरिमामय उपस्थिति ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा…!
इस अवसर पर मंत्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, लक्ष्मी राजवाड़े, राजेश अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, संस्कृति परिषद अध्यक्ष शंशाक तिवारी, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज और लौह शिल्पकार बोर्ड अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा सहित प्रदेशभर के अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग द्वारा आयोजित यह राज्य स्तरीय युवा कवि सम्मेलन न केवल साहित्यिक मंच का उत्सव था, बल्कि यह प्रमाण था कि छत्तीसगढ़ की नई पीढ़ी कलम से भी क्रांति लिखने को तैयार है।

