हर क्षेत्र के शासकीय राशन दुकानों में लगाए जाएंगे एक दिवसीय शिविर…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले के नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सम्मान दोनों का लाभ एक साथ दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 13 अक्टूबर (सोमवार) को आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड महाअभियान आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा, जिसके तहत नगर निगम बिलासपुर के सभी 70 वार्डों की शासकीय राशन दुकानों (पीडीएस दुकानों) में एकदिवसीय शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों में पात्र नागरिकों के आयुष्मान भारत कार्ड तथा वरिष्ठ नागरिकों (70 वर्ष या उससे अधिक आयु) के वय वंदना कार्ड बनाए जाएंगे। प्रत्येक परिवार के हर सदस्य के लिए अलग-अलग आयुष्मान कार्ड तैयार किए जाएंगे। इसके लिए नागरिकों को आधार कार्ड, राशन कार्ड तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा ताकि पहचान सत्यापन सुगमता से हो सके।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस अवसर पर नागरिकों से विशेष अपील करते हुए कहा…
यह महाअभियान आम जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। हर व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनना जरूरी है ताकि किसी भी आपात स्थिति में इलाज के लिए पैसे की चिंता न करनी पड़े। वरिष्ठ नागरिकों को वय वंदना कार्ड से 5 लाख रुपए तक का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। किसी को भी इस अवसर से वंचित नहीं रहना चाहिए।

महाअभियान के तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिक जिनके आधार कार्ड में आयु दर्ज है, वे वय वंदना कार्ड के पात्र होंगे। जो वरिष्ठ नागरिक पहले से सामान्य आयुष्मान कार्ड बनवा चुके हैं, उन्हें 70 वर्ष पूर्ण होने पर केवाईसी पुनः कराना आवश्यक होगा, ताकि उन्हें योजना का विस्तारित लाभ प्राप्त हो सके।
नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में 1 लाख 54 हजार 493 सदस्य आयुष्मान कार्ड हेतु तथा 16 हजार 504 नागरिक वय वंदना कार्ड हेतु पंजीयन से शेष हैं। इन सभी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह व्यापक महाअभियान शुरू किया है।
कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन की मंशा है कि हर घर आयुष्मान कार्ड, हर बुजुर्ग वय वंदना कार्ड के लक्ष्य को आगामी दिनों में शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे 13 अक्टूबर को अपने वार्ड के निकटतम राशन दुकान में पहुँचकर शिविर का लाभ अवश्य लें और अपने परिवार के स्वास्थ्य सुरक्षा कवच को मजबूत बनाएं।

