सिटी कोतवाली चौक सदर बाजार और पचरीघाट में भी झड़प पुलिस को संभालना पड़ा मोर्चा तीन उपद्रवी युवक गिरफ्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] पुलिस प्रशासन की सख्त चेतावनी और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में विवाद और मारपीट की घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। सिरगिट्टी के बन्नाक चौक इलाके में चाकूबाजी की घटना में दो युवकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं सिटी कोतवाली चौक, सदर बाजार और पचरीघाट विसर्जन स्थल पर भी झड़प और हंगामे की स्थिति बनी।
बन्नाक चौक में चाकूबाजी, दो युवक घायल
जानकारी के मुताबिक बन्नाक चौक माता चौरा और भवानी नगर के युवक भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विसर्जित कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बड़े बन्नाक के पास कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान बन्नाक चौक माता चौरा निवासी 22 वर्षीय सिद्धांत ध्रुव और भवानी नगर निवासी 25 वर्षीय राहुल सिंह ठाकुर पर चाकू से हमला कर दिया गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लाया गया।
प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। हालांकि, हमले के आरोपियों के नाम और घटना की पूरी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना पर पुलिस को तत्काल जानकारी नहीं
घटना को लेकर एक महत्वपूर्ण सवाल यह भी सामने आया कि घायल सिम्स अस्पताल पहुंच चुके थे, लेकिन सिरगिट्टी पुलिस को घटना की तत्काल जानकारी नहीं थी। मामले को लेकर सिरगिट्टी थाना प्रभारी वायपी सिंह से जानकारी लिए जाने पर उन्होंने बताया कि थाने में ऐसी किसी घटना की सूचना अभी तक प्राप्त नहीं हुई है और न ही इस संबंध में एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस स्तर पर मामले की पुष्टि और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
सदर और कोतवाली चौक पर भी भिड़े दो पक्ष
इधर सदर बाजार के ऊदल चौक और सिटी कोतवाली चौक पर भी विवाद और मारपीट की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि सिटी कोतवाली चौक पर पहले वाहन निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। मौके पर मौजूद पुलिस बल को स्थिति नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा पुलिस के सामने ही दबाव बनाने का प्रयास किए जाने की भी चर्चा रही।
पचरीघाट में हंगामा, तीन युवक थाने भेजे गए
पचरीघाट विसर्जन स्थल पर भी देर रात हंगामे की स्थिति निर्मित हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ युवकों के बीच मारपीट के बाद अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और तीन युवकों को पकड़कर थाने भेजा।
गणेश विसर्जन के दौरान लगातार सामने आई इन घटनाओं ने पुलिस की पूर्व तैयारियों और सख्ती के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सभी घटनाओं की जांच और विवाद में शामिल लोगों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है।

