संपत्ति नवीनीकरण के नाम पर मांगी थी रिश्वत रकम लेते ही ACB ने दबोचा…!
एक तरफ सामान्य सभा दूसरी तरफ निगम दफ्तर में रिश्वतखोर कर्मचारी पर हुई कार्रवाई…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नगर निगम बिलासपुर में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने संपदा शाखा में दबिश देकर 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते क्लर्क लक्ष्मीकांत कोका को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि संपत्ति नवीनीकरण संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।
ACB की कार्रवाई उस समय हुई, जब निगम में सामान्य सभा की कार्यवाही चल रही थी। एक तरफ सभागार में शहर और निगम से जुड़े मुद्दों पर चर्चा जारी थी, वहीं दूसरी तरफ निगम की संपदा शाखा में ACB की टीम रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दे रही थी।
तीन दिन पहले मिली थी शिकायत-:
मामला राजकिशोर नगर निवासी अजीत शुक्ला की शिकायत से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, शुक्ला अपनी संपत्ति के नवीनीकरण संबंधी कार्य के लिए निगम की संपदा शाखा में प्रक्रिया पूरी कराने पहुंचे थे। आरोप है कि संबंधित काम के एवज में उनसे 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई।

लगातार कार्यालय के चक्कर लगाने और रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने करीब तीन दिन पहले ACB में शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद ACB ने ट्रैप की कार्रवाई की योजना तैयार की।
रकम हाथ में आते ही ACB ने दबोचा-:
शुक्रवार को शिकायतकर्ता तय योजना के मुताबिक निगम की संपदा शाखा पहुंचा। जैसे ही उसने क्लर्क लक्ष्मीकांत कोका को 10 हजार रुपए दिए और रकम कर्मचारी ने अपने कब्जे में ली, पहले से मुस्तैद ACB टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी मौके से बरामद की।
कार्रवाई की खबर निगम कार्यालय में फैलते ही हड़कंप मच गया। ACB टीम ने मौके पर संबंधित दस्तावेजों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की। फिलहाल आरोपी कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। ACB रिश्वत की मांग से लेकर रकम स्वीकार करने तक पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

